देवब्रत मंडल

पांच वर्षों के लिए चयनित अभ्यर्थी को 10 दिनों के भीतर आवश्यक दस्तावेज जमा करने का निर्देश
गया: पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा शहीद ईश्वर चौधरी हॉल्ट (SICY) पर यूटीएस टिकट बिक्री के लिए हॉल्ट कॉन्ट्रैक्टर की नियुक्ति को लेकर आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। जारी पत्र के अनुसार, गया जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र के डेमा फतेहपुर निवासी कुंदन कुमार को इस कार्य के लिए उपयुक्त पाते हुए चयनित किया गया है। उन्हें मासिक कमीशन के आधार पर पांच वर्षों के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने आगे की प्रक्रिया के लिए चयनित अभ्यर्थी से कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने को कहा है। इसमें 2000 रुपये की सुरक्षा जमा राशि का मनी रिसीट, 100-100 रुपये के दो नॉन-जुडिशियल स्टांप पेपर तथा पुलिस या संबंधित प्राधिकरण द्वारा जारी चरित्र प्रमाण पत्र शामिल है। पत्र में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि अभ्यर्थी को पत्र प्राप्ति के 10 दिनों के भीतर सभी दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अनुबंध की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इस नियुक्ति के बाद स्थानीय स्तर पर यात्रियों को टिकट सुविधा मिलने में सहूलियत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
