देवब्रत मंडल

गया जी। बुधवार को गया शहर में पड़ रही भीषण गर्मी और झुलसा देने वाले तापमान ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया। इसका असर गया जंक्शन पर भी साफ तौर पर देखने को मिला, जहां कई प्लेटफॉर्मों पर पर्याप्त यात्री शेड नहीं होने के कारण यात्रियों को चिलचिलाती धूप में ट्रेन का इंतजार करना पड़ा।
गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 से लेकर 7/8 तक कई स्थानों पर यात्री शेड की कमी देखने को मिली। ऐसे में यात्री तेज धूप और उमस के बीच घंटों ट्रेन की प्रतीक्षा करने को विवश रहे। भीषण गर्मी के कारण प्लेटफॉर्मों पर बैठे यात्रियों के चेहरे पर परेशानी साफ झलक रही थी।
इधर, डीडीयू मंडल के डीआरएम उदय सिंह मीणा के गया आगमन को लेकर रेलवे प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विभागों में तैनात रेलकर्मी भी तपती धूप के बीच अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते नजर आए। कई रेलकर्मी गर्मी और धूप से परेशान दिखे, लेकिन ड्यूटी के कारण उन्हें लगातार मैदान में बने रहना पड़ा।
हालांकि रेलवे द्वारा गया जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की तर्ज पर विकसित करने की योजनाओं पर काम किया जा रहा है, लेकिन मौजूदा समय में मूलभूत यात्री सुविधाओं की कमी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।

पटना से गया पहुंचे यात्री अशोक कुमार ने बताया कि स्टेशन पर पर्याप्त यात्री शेड नहीं होने से यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में प्लेटफॉर्म पर खड़ा रहना बेहद मुश्किल हो जाता है।
वहीं महिला यात्री नीरू ने शिकायत करते हुए कहा कि स्टेशन के वाटर बूथों से ठंडे पानी के बजाय गर्म पानी निकल रहा था। उन्होंने बताया कि मजबूरी में उन्हें पीने के लिए पानी खरीदना पड़ा।
एक वृद्ध यात्री राम सुंदर ने स्टेशन की संरचनात्मक सुविधाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 से अन्य प्लेटफॉर्मों पर जाने के लिए बने फुट ओवरब्रिज अपेक्षाकृत संकरे हैं। साथ ही सीढ़ियां भी बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाजनक नहीं हैं। इससे विशेष रूप से वृद्ध यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यात्रियों का कहना है कि गया जंक्शन के आधुनिकीकरण के साथ-साथ यात्री शेड, शीतल पेयजल और सुगम आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं पर भी प्राथमिकता के आधार पर ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों को भीषण गर्मी और अन्य मौसमीय परिस्थितियों में राहत मिल सके।
