देवब्रत मंडल।

बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में उत्पाद थाना शेरघाटी की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध विदेशी शराब के परिवहन के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो मोटरसाइकिल और एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया।
उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त प्रिय रंजन के अनुसार पहली कार्रवाई गुरुआ टांड़ स्थित एक ईंट भट्ठा एवं सलेमपुर क्षेत्र में की गई, जबकि दूसरी कार्रवाई इमामगंज मोड़ के पास की गई। छापेमारी के दौरान शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में गुरुआ थाना क्षेत्र के आकाश कुमार, हर्ष कुमार और रौशन कुमार के अलावा इमामगंज तथा शेरघाटी थाना क्षेत्र के तीन अन्य युवक शामिल हैं। सभी से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उत्पाद विभाग ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल 197.61 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई, जो कुल 421 बोतलों में पैक थी। शराब की खेप को वाहनों के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाया जा रहा था।
इस सफल अभियान का नेतृत्व उत्पाद थाना शेरघाटी के थानाध्यक्ष एवं निरीक्षक प्रभात विद्यार्थी ने किया। छापेमारी दल में अवर निरीक्षक रौशन कुमार समेत अन्य उत्पाद कर्मी शामिल थे।
उत्पाद विभाग ने कहा है कि शराब तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
