देवब्रत मंडल

रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया ने ट्रेन संख्या 12329 अप, वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से एक फर्जी टीटीई को गिरफ्तार किया है। उसके पास से फर्जी टीटी का आईडी कार्ड भी बरामद किया गया है।
ऐसे पकड़ा गया फर्जी टीटीई
RPF पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव ने बताया कि सुरक्षा नियंत्रण कक्ष DDU से सूचना मिली थी कि ट्रेन के कोच नंबर M-2 में ड्यूटी के दौरान मुख्य टिकट निरीक्षक श्री विनोद कुमार ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ कर रखा है।
सूचना मिलते ही ट्रेन के गया जंक्शन पहुंचने पर RPF पोस्ट गया के उप निरीक्षक इंद्र कुमार, ऑन ड्यूटी कमर्शियल स्टाफ सतीश कुमार Sr. CCTC/GAYA, आशीष कुमार Sr. TC/GAYA एवं GRP गया की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। ऑन ड्यूटी टीटी विनोद कुमार ने मेमो के साथ उस व्यक्ति को RPF को सौंपा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमर कुमार, उम्र 35 वर्ष, पुत्र शंभू प्रसाद, निवासी ग्राम बेला, थाना लक्ष्मीपुर, जिला जमुई, बिहार बताया।
जांच में पाया गया कि वह बिना वैध टिकट AC कोच में यात्रा कर रहा था और स्वयं को रेलवे कर्मचारी बताकर यात्रियों एवं रेलवे प्रशासन को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था। उसके पास से एक फर्जी टीटी का आईडी कार्ड भी बरामद हुआ।
कानूनी कार्रवाई
बाद में आरोपी को GRP गया के हवाले कर दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध Case No. 185/26 धारा 318(4), 319(2), 204, 336(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।
