शराबबंदी के बावजूद जारी तस्करी पर फिर प्रहार, झारखंड से लाई जा रही थी खेप
देवब्रत मंडल

बिहार में शराबबंदी लागू हुए करीब एक दशक होने को है, लेकिन पड़ोसी राज्यों से अवैध शराब की तस्करी अब भी जारी है। सड़क और रेल मार्ग के जरिए लगातार शराब की खेप बिहार में खपाने की कोशिशें हो रही हैं। हालांकि, पुलिस और मद्य निषेध विभाग की सतर्कता के कारण समय-समय पर ऐसे मामलों का खुलासा भी हो रहा है।
इसी कड़ी में गया जिला मद्य निषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप (रजिस्ट्रेशन संख्या JH-10DF-2072) को पकड़ा गया, जिसमें शराब की खेप छिपाकर लाई जा रही थी।
सहायक आयुक्त उत्पाद प्रियरंजन ने बताया कि यह कार्रवाई धीरजापुल स्थित अस्थायी जांच चौकी, थाना बहेरा क्षेत्र में की गई। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान राममगन यादव (उम्र लगभग 44 वर्ष), निवासी धनबाद, झारखंड के रूप में हुई है।
जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 1161 लीटर बताई जा रही है, जिसमें करीब 3096 बोतलें शामिल हैं। यह खेप झारखंड से बिहार में खपाने के लिए लाई जा रही थी।
मद्य निषेध विभाग के अधिकारी प्रियरंजन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोप पत्र समर्पित किया जाएगा। छापेमारी दल में उत्पाद विभाग के अधिकारियों के साथ सुरक्षा बल के जवान भी शामिल थे।
यह कार्रवाई एक बार फिर यह साबित करती है कि प्रशासन लगातार सतर्क है, लेकिन तस्कर भी नए-नए तरीके अपनाकर शराबबंदी कानून को चुनौती दे रहे हैं।
