देवब्रत मंडल

गया। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब तस्करी का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। गया जिले में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में अवैध बीयर और विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त प्रिय रंजन ने बताया कि उनकी टीम ने समेकित जांच चौकी, डोभी (थाना- बाराचट्टी, जिला- गया) में वाहन जांच के दौरान झारखंड नंबर JH-02Z-5045 की स्विफ्ट कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से 153 लीटर अवैध बीयर एवं विदेशी शराब (कुल 296 कैन एवं बोतलें) बरामद हुई।
दो तस्कर गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
कमल किशोर सिंह (54 वर्ष), निवासी फतेहपुर, थाना राघोपुर, जिला वैशाली।
परमानंद पासवान (36 वर्ष), निवासी नौनजर, थाना सहर, जिला भोजपुर।
अनुसंधान के बाद दाखिल होगा आरोप पत्र
उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। विभाग का कहना है कि अनुसंधान पूरा होने के बाद न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित किया जाएगा।
छापेमारी टीम
इस कार्रवाई का नेतृत्व उत्पाद विभाग के अधिकारियों की टीम ने किया, जिसमें राहुल तिवारी, विजय कुमार, कमल किशोर, धर्मेंद्र बैठा सहित सैप बल एवं गृहरक्षक जवान शामिल थे।
बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में उत्पाद विभाग की यह कार्रवाई अवैध शराब नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है।
