रेलवे स्टेशन पर 22 लाख रुपये की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, ऑपरेशन नारकोस के तहत आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई

Deobarat Mandal

देवब्रत मंडल

image editor output image 1368345655 17859405717331526548393660213321 रेलवे स्टेशन पर 22 लाख रुपये की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, ऑपरेशन नारकोस के तहत आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई
कार्रवाई में शामिल टीम व पदाधिकारी


गया, 05 अगस्त। गया रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को 4.415 किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत 22,07,500 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ पोस्ट गया के अनुसार, बुधवार को स्टेशन पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 के हावड़ा एंड स्थित फुटओवर ब्रिज (एफओबी) के नीचे एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 4.415 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज मोहन (26 वर्ष), पिता अर्जुन गंझु, निवासी बेलगड़ा, थाना कुंदा, जिला चतरा (झारखंड) के रूप में हुई है।
इस संयुक्त अभियान में आरपीएफ के उपनिरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट गया, सीआईबी गया, सीपीडीएस गया तथा राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम शामिल रही। सूचना मिलने पर आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी और जब्त अफीम को राजकीय रेल थाना, गया के हवाले कर दिया गया है। आरपीएफ की शिकायत के आधार पर जीआरपी गया में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
रेलवे सुरक्षा बल एवं जीआरपी द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत रेलवे परिसर और ट्रेनों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गया स्टेशन पर हुई इस कार्रवाई को मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। रेल थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत कांड दर्ज करते हुए अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *