देवब्रत मंडल

गया। बिहार सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ दिए जाने के बावजूद बिजली चोरी के मामले सामने आ रहे हैं। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग ने बुधवार को गया शहरी क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान अलग-अलग इलाकों में बिजली चोरी के कई मामले पकड़े गए।
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल गया शहरी के कार्यपालक अभियंता के अनुसार, 12 अगस्त को बकाया विद्युत राशि के कारण पूर्व में विच्छेद किए गए परिसरों की सघन जांच की गई। इसके अलावा मुख्यालय से प्राप्त सूची के आधार पर ऐसे उपभोक्ताओं के परिसरों की भी जांच की गई, जिनकी मासिक बिजली खपत 50 यूनिट से कम थी।
जांच अभियान के लिए करीब आठ अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। जांच के दौरान विद्युत चोरी के कई मामले सामने आए। विभागीय कार्रवाई के तहत कुल 19 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
विद्युत विभाग के अनुसार, बिजली चोरी में शामिल उपभोक्ताओं पर कुल 23 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना भी लगाया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यालय स्तर पर हुई समीक्षा के दौरान 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ दिए जाने के बावजूद बिजली चोरी के मामलों पर चिंता जताई गई है। समीक्षा के बाद ऐसे परिसरों की सूची तैयार कर लगातार जांच करने का निर्देश दिया गया है, जहां बिजली की खपत असामान्य रूप से कम है या पूर्व में बकाया राशि के कारण कनेक्शन काटा जा चुका है।
विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता ने कहा कि सरकार द्वारा 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ दिए जाने के बावजूद जो उपभोक्ता बिजली चोरी करते हुए पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का इस्तेमाल करने की अपील की है।
