Blog

  • गया पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार का इनामी कुख्यात अपराधी धराया, कई गंभीर मामलों में था वांछित

    गया पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। जिले के कुख्यात अपराधियों में शामिल और 50 हजार रुपये का इनामी धर्मेन्द्र पासवान उर्फ अमरेन्द्र पासवान को STF और गया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था।

    गया के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक गया के मार्गदर्शन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, टिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें परैया थाना की पुलिस और STF के अधिकारी शामिल थे।

    विशेष टीम को तकनीकी और पारंपरिक माध्यमों से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि 50 हजार का इनामी धर्मेन्द्र पासवान परैया थाना क्षेत्र में देखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम धर्मेन्द्र पासवान उर्फ अमरेन्द्र पासवान, पिता भिखारी पासवान, ग्राम कमलदह, थाना परैया, जिला गया बताया।

    पुराना आपराधिक इतिहास:
    गिरफ्तार अपराधी धर्मेन्द्र पासवान पर हत्या, लूट, अपहरण और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।
    उसके खिलाफ दर्ज प्रमुख मामले निम्नलिखित हैं:

    1. कांड संख्या 58/02 (परैया थाना): धारा 147/148/149/302/120B IPC
    2. कांड संख्या 120/14 (परैया थाना): धारा 353/307/324/326 IPC एवं 27 आर्म्स एक्ट
    3. कांड संख्या 91/12 (परैया थाना): धारा 414 IPC एवं 25(1-B)A/26/35 आर्म्स एक्ट
    4. कांड संख्या 340/12 (टिकारी थाना): धारा 395 IPC

    लूट और अपहरण के केस में नामजद:
    उल्लेखनीय है कि दिनांक 27 अक्टूबर 2014 को परैया थाना क्षेत्र के गनौरी बिगहा गांव में एक घर में हथियार के बल पर लूट और अपहरण की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले में परैया थाना में कांड संख्या 112/14 के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें धर्मेन्द्र पासवान की संलिप्तता पाई गई थी। गिरफ्तारी के डर से वह तब से फरार चल रहा था। इस केस में पूर्व में 09 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

  • गया बार एसोसिएशन का चुनाव 17 अप्रैल को, बनाए गए पांच मतदान केंद्र, सुबह 7:30 बजे से मतदान होगा शुरू

    गया बार एसोसिएशन का चुनाव 17 अप्रैल को, बनाए गए पांच मतदान केंद्र, सुबह 7:30 बजे से मतदान होगा शुरू

    देवब्रत मंडल

    गया बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर प्रचार प्रसार अंतिम दौर में पहुंच चुका है। 17 अप्रैल को सुबह 7:30 बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। जो दोपहर बाद 4:30 बजे तक चलेगा। इसके बाद देर शाम मतों की गिनती का काम भी शुरू हो जाएगा। देर रात तक अंतिम परिणाम आने की उम्मीद है।
    गया बार एसोसिएशन के सत्र 2025-27 के लिए होने जा रहे चुनाव को लेकर सारे अभ्यर्थियों द्वारा अपने अपने पक्ष में मतदान करने के लिए बार के सदस्यों से मिल रहे हैं और उनसे वोट की अपील कर रहे हैं।
    गया बार एसोसिएशन के भवन के ऊपरी मंजिल पर पांच मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पांच बूथ पर विभिन्न श्रेणियों के सदस्य अपना अपना वोट देंगे।
    बूथ नंबर 1, 2 और 3 पर लाइफ मेंबर मतदान करेंगे। जबकि 4 नंबर बूथ पर परमानेंट मेंबर के अलावा एडिशनल मेंबर मतदान करेंगे। वहीं बूथ नंबर 05 प्रोविसनरी मेंबर अपना मतदान करेंगे।
    निर्वाची पदाधिकारी ने इसकी सूचना बार के सारे सदस्यों के साथ साथ सभी अभ्यर्थियों को देते हुए मतदान प्रक्रिया को सफल बनाने की अपील की है।

    लाइफ मेंबर यहां करेंगे मतदान

    बूथ नंबर – 1 (क्रम संख्या 1-361)
    बूथ नंबर – 2 (क्रम संख्या 362-725)
    बूथ नंबर – 03 ( क्रम संख्या 726-1115 तक)

    परमानेंट और एडिशनल मेंबर यहां करेंगे मतदान

    बूथ नंबर – 04 (क्रम संख्या 01-309 परमानेंट)
    (01-65 एडिशनल)

    प्रोविसनरी मेंबर यहां करेंगे मतदान

    बूथ नंबर – 05
    (01-306)
    (66-130 तक एडिशनल)

  • गया आरपीएफ पोस्ट में तैनात सहायक उप-निरीक्षक राजेश कुमार रौशन भी हुए सम्मानित, डीआरएम ने प्रदान किया मेडल व प्रशस्ति पत्र

    गया आरपीएफ पोस्ट में तैनात सहायक उप-निरीक्षक राजेश कुमार रौशन भी हुए सम्मानित, डीआरएम ने प्रदान किया मेडल व प्रशस्ति पत्र

    देवब्रत मंडल

    सहायक उपनिरीक्षक राकेश कुमार रौशन

    मंगलवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय स्थित बाकले अधिकारी क्लब में ‘ 69वें रेल सप्ताह समारोह’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) के मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता द्वारा डीडीयू मंडल के सभी विभागों से उत्कृष्ट सेवा हेतु चयनित रेलकर्मियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देते हुए मंडल रेल प्रबंधक स्तरीय रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए। जिसमें गया आरपीएफ पोस्ट में तैनात सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार रौशन को यह गौरव प्राप्त हुआ। इसी कड़ी में डीडीयू में कार्यरत उपनिरीक्षक राम नरेश राम को इस उपलब्धि के लिए पुरस्कृत किया गया है। उपनिरीक्षक राकेश कुमार रौशन गया आरपीएफ पोस्ट में तैनात हैं जो निरीक्षक कार्यालय में कंप्यूटर पर कार्य करने में दक्ष हैं। पोस्ट के एक एक रिकॉर्ड को अपडेट रखने की जिम्मेदारी इन्हीं के हाथों में है। विभागीय स्तर से जितने भी पत्राचार होते हैं, वे सारे कार्य श्री रौशन के द्वारा ही कंप्यूटर प्रोग्राम द्वारा तैयार किया जाता है। इन दोनों के अलावा गया में विभिन्न विभागों में कार्यरत कई और रेलकर्मियों को भी मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए डीआरएम ने उत्साहवर्धन किया है।

  • उपलब्धि:डीडीयू मंडल को पूर्व मध्य रेल की स्थापना के बाद पहली बार मिला महाप्रबंधक का सर्वांगीण दक्षता शील्ड

    उपलब्धि:डीडीयू मंडल को पूर्व मध्य रेल की स्थापना के बाद पहली बार मिला महाप्रबंधक का सर्वांगीण दक्षता शील्ड

    देवब्रत मंडल

    दक्षता शील्ड के साथ पदाधिकारी व अन्य

    मंगलवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय स्थित बाकले अधिकारी क्लब में ‘ 69वें रेल सप्ताह समारोह’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) के मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता द्वारा  डीडीयू मंडल के सभी विभागों से उत्कृष्ट सेवा हेतु चयनित रेलकर्मियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देते हुए मंडल रेल प्रबंधक स्तरीय रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए। मंडल रेल प्रबंधक स्तरीय पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता द्वारा सर्वप्रथम दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तदुपरांत मंडल रेल प्रबंधक द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 में उत्कृष्ट सेवा हेतु ’69वें रेल सप्ताह -2024′ के तहत चयनित  57 रेलकर्मियों को रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए।

    डीआरएम राजेश गुप्ता

    समारोह के मुख्य अतिथि के तौर पर मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता ने अपने संबोधन में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल की गत वितीय वर्ष में प्राप्त प्रमुख उपलब्धियां का संक्षिप्त प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने कहा इस वर्ष महाकुंभ के दौरान डीडीयू मंडल द्वारा सुविधा और सुरक्षा के साथ इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सेवा में किया गया प्रबंधन एवं रेल परिचालन भारतीय रेल में एक कीर्तिमान है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि हाल ही में मार्च में पूर्व मध्य रेल मुख्यालय पर रेल सप्ताह समारोह-2024 में डीडीयू मंडल को पूर्व मध्य रेल की स्थापना के बाद पहली बार महाप्रबंधक का सर्वागीण दक्षता शील्ड प्राप्त हुआ है जो एक बड़ी उपलब्धि है। डीडीयू मंडल को यह शील्ड 2023-24 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु मिली है। इन सब उपलब्धियां में मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का बहुत ही सराहनीय योगदान है।
    मंडल रेल प्रबंधक ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले रेलकर्मियों को बधाई देने के साथ सभी का उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा कि पुरस्कार हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। साथ ही, अपनी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के लिए भी आत्मबल प्रदान करता है।
    इस अवसर पर डीडीयू मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष मीनाक्षी व विभिन्न सदस्याएं, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री दिलीप कुमार  सहित डीडीयू मंडल के विभिन्न उच्चाधिकारी, कर्मचारी यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों/सदस्यों के साथ रेलकर्मी उपस्थित रहे।
    कार्यक्रम के दौरान डीडीयू मंडल के स्काउट व गाइड सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। पूरे कार्यक्रम का आयोजन कार्मिक विभाग द्वारा किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

  • परम ज्ञान निकेतन: पीड़ित छात्र यश के पिता स्कूल प्रशासन से पहुंचे मिलने, कहा-न्याय के लिए मिलेंगे वरीय अधिकारियों से

    परम ज्ञान निकेतन: पीड़ित छात्र यश के पिता स्कूल प्रशासन से पहुंचे मिलने, कहा-न्याय के लिए मिलेंगे वरीय अधिकारियों से

    देवब्रत मंडल

    घटना के पीछे की वजह कुछ और है, यश के पिता ने बताई बात

    पीड़ित छात्र यश

    गया शहर के माडनपुर मोहल्ले में संचालित परम ज्ञान निकेतन में पिछले दिनों छात्र यश की हुई बेरहमी से पिटाई के मामले में पीड़ित के पिता रंजन यादव मंगलवार को स्कूल प्रशासन से मिले। यहां उन्होंने अपने पुत्र यश के साथ शिक्षक, प्रिंसीपल द्वारा की गई कथित पिटाई के मामले में जानकारी प्राप्त की। श्री यादव ने बताया कि स्कूल के प्रिंसिपल और आरोपी शिक्षक स्कूल में नहीं थे। उन्होंने बताया कि प्रभारी प्रिंसीपल उपेंद्र कुमार और अन्य शिक्षकों से मुलाकात हुई। घटना को लेकर बातचीत हुई। श्री यादव ने बताया कि प्रभारी प्रिंसीपल और अन्य शिक्षकों ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए यश की हुई पिटाई से संबंधित कई जानकारियां उपलब्ध कराया है।
    श्री यादव के अनुसार यश ने स्कूल में कोई ऐसा बड़ा अपराध या बड़ी गलती नहीं की है, जिसको लेकर उसे बेरहमी से पिटाई की गई थी।

    श्रीरामनवमी पूजा के दिन शिक्षक और छात्र यश के बीच हुई थी कहासुनी

    उन्होंने बताया कि मामला स्कूल से नहीं जुड़ा हुआ है बल्कि स्कूल के बाहर श्रीराम नवमी पूजा के दिन के एक वाक्या से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि श्रीराम नवमी पूजा के दिन उन्होंने अपने पुत्र यश को पूजन सामग्री खरीद कर लाने के लिए मंगलागौरी में नेपाली नामक एक दुकानदार की दुकान पर भेजा था। उसी वक्त यश के स्कूल के एक शिक्षक शत्रुघ्न उर्फ गुड्डू सिंह यश को देखे तो उनके बेटे ने उन्हें प्रणाम किया। तब शिक्षक ने यश से पूछा कि इधर क्या करने आए हो? तब यश ने बताया कि पूजा का सामान लेने आए हैं। श्री यादव ने बताया कि उनके पुत्र ने उन्हें यह बात बताई थी कि शिक्षक श्री सिंह ने यश को कहने लगे कि हम जानते हैं कि तुम कितने बिगडैल हो और तुम्हारे पिताजी को भी अच्छी तरह से जानते हैं कि कितने अच्छे हैं(लांक्षण लगाने वाले भाव से)। इसी बात का जब यश को बुरा लगा तो यश ने शिक्षक से कहा कि आप हमारे पिताजी के बारे में गलत बातें नहीं कहें। पूजा का सामान लेने आए हैं या नहीं दुकानदार से पूछ लीजिए।

    पूजन सामग्री के दुकानदार ने यश के पिता को किया था फोन

    बकौल, रंजन यादव का कहना है कि जिस समय शिक्षक गुड्डू सिंह और हमारे पुत्र यश के बीच इसी बात को लेकर नोकझोंक व तीखी बहस चल रही थी तो दुकानदार नेपाली ने मुझे फोन कर बताया कि यहां दोनों उलझ गए हैं। श्री यादव ने बताया कि नेपाली के ही फोन पर अपने बेटे यश से बात की तो पूरा वाक्या बताया कि शिक्षक इस प्रकार के शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उसी वक्त शिक्षक ने मेरे बेटे को धमकी भरे लहजे में चेतावनी दी कि स्कूल आना तो तुम्हें बताएंगे।

    स्कूल में प्रार्थना के समय यश को प्रिंसिपल ने बुलाया था

    श्री यादव ने बताया कि छुट्टी के बाद स्कूल जब खुला तो शनिवार के दिन स्कूल में प्रार्थना के समय में सतीश सर यश को ये कहकर प्रिंसीपल के पास ले गए कि सर तुम्हें बुलाए हैं। जब प्रिंसीपल के चैंबर में गए तो स्कूल के यूनिफॉर्म को लेकर सवाल किए कि आज के निर्धारित रंग का टीशर्ट पहन कर क्यों नहीं आए हो? तब मेरे बेटे यश ने बताया कि जिस ड्रेस की दुकान(वाटिका) में हमारे साइज का टीशर्ट नहीं था तो कुछ दिन बाद उपलब्ध कराने के लिए कहा गया था। आप चाहे तो वाटिका दुकान से पूछ सकते हैं।
    इसके बाद उनके बेटे यश(दशवीं कक्षा का छात्र) को पहले लकड़ी के डंडे से पीटा गया और जब डंडा टूट गया तो पीवीसी पाइप से उसे बेरहमी से पिटाई की गई।
    यश के पिता रंजन यादव ने बताया कि जब यश को पीटा जा रहा तो कुछ और शिक्षक प्रिंसिपल के कमरे के पास आए थे तो ऐसा करने से उन्हें मना भी किया गया था लेकिन किसी की सुनी नहीं गई।

    जांच के लिए स्कूल नहीं पहुंचे हैं पुलिस पदाधिकारी, न्याय की उम्मीद

    श्री यादव ने बताया कि इस संबंध में उनके द्वारा विष्णुपद थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के बाद कांड के अनुसंधान करने वाले पुलिस पदाधिकारी स्कूल में  जांच के लिए आजतक(15 अप्रैल) को मेरे स्कूल में रहने तक नहीं आए थे। उन्होंने बताया कि जांच पदाधिकारी से उनकी बात हुई है। उन्होंने कहा कि न्याय के लिए वे पुलिस के वरीय अधिकारियों से भी बहुत जल्द मिलकर सारी बातें बताएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई है कि निष्पक्ष जांच होती है तो उनके बेटे के साथ जो हुआ है, उन दोषियों पर कार्रवाई होगी और हमें न्याय मिलेगा।

  • बागेश्वरी गुमटी के पास बनने जा रहे आरओबी में होंगे 28 पाया, भूमि अधिग्रहण के लिए रैयतों की पहचान का कार्य प्रगति पर

    बागेश्वरी गुमटी के पास बनने जा रहे आरओबी में होंगे 28 पाया, भूमि अधिग्रहण के लिए रैयतों की पहचान का कार्य प्रगति पर

    देवब्रत मंडल

    बागेश्वरी रेलवे गुमटी

    गया शहर के बागेश्वरी रेलवे गुमटी के पास आरओबी के निर्माण की दिशा में सरकार कई आवश्यक कदम बढ़ा चुकी है। इस जगह पर आरओबी के निर्माण को लेकर इसी महीने के अंत तक निविदा प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाना है। इसके लिए खुली निविदा भी आमंत्रित किया जा चुका है।

    Drawing of ROB

    28 पाया(पोल)पर टिका हुआ रहेगा यह आरओबी

    इस आरओबी के निर्माण को लेकर तकनीकी विशेषज्ञों की टीम काफी पहले से अपना काम शुरू कर चुकी थी। शुरुआती दौर की बात की जाए तो इसके निर्माण कार्य को लेकर कम से कम 28 पाया(पोल) बनाए जाने को लेकर एक ड्राफ्ट किया गया था। उसके अनुसार कम से कम 28 पाया बनाया जाना है।

    बागेश्वरी और पॉवरगंज साइड में 14-14 पोल(पाया) बनेंगे

    पुल निर्माण विभाग से जुड़े तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम ने जो स्ट्रक्चर का प्रारूप तैयार किया था, उसके अनुसार बागेश्वरी रोड और पावरगंज रोड साइड में बराबर बराबर दूरी पर 14-14 पाये का निर्माण किया जाएगा। जिसपर यह आरओबी टिका हुआ रहेगा।

    इस आरओबी से भारी वाहनों की भी होगी आवाजाही

    इस आरओबी के बन जाने से इस पर से भारी वाहनों की भी आवाजाही सुलभ हो जाएगा। साथ ही पैदल चलने वाले लोगों के लिए दोनों साइड से पाथ-वे बनाए जाने की योजना है। विभाग इसको लेकर भी इसके लिए डिज़ाइन किया है।

    शहर में जाम की समस्या से निबटने में सहायक साबित होगा आरओबी

    सरकार ने आम जनमानस की परेशानियों को समझने और लोगों की मांग पर यहां आरओबी का निर्माण करने जा रही है। शहर में जाम की समस्या का स्थायी हल निकालने के लिए यह आरओबी कारगर साबित होने वाला होगा। वर्तमान में जो हालात देखने को मिलता है कि लोगों को इस गुमटी(रेलवे लाइन) को पार करने के काफी देरी तक इंतजार करना पड़ता है।

    रैयतों की पहचान का कार्य द्रुत गति से है जारी

    इस आरओबी के निर्माण को लेकर बागेश्वरी रोड और पॉवरगंज रोड के किनारे स्थित वैसे मकान और उनके मालिकों की पहचान करने का काम पुल निर्माण विभाग के लोग द्रुतगति से कर रहे हैं। जिनकी जमीन को अधिग्रहण किया जाना है। अमीन के साथ मापी का भी काम साथ साथ चल रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इस महीने के अंत तक यह कार्य भी पूरा कर लिया जाए। विभागीय स्तर से मिली जानकारी के अनुसार अबतक 75-80 के आसपास रैयतों की पहचान कराते हुए उसे सूचीबद्ध करने का काम किया जा रहा है।

  • गया जंक्शन पर आरपीएफ की बढ़ती सक्रियता से शराब तस्करों की नींद हुई हराम, 30 बोतल के साथ दो गिरफ्तार

    गया जंक्शन पर आरपीएफ की बढ़ती सक्रियता से शराब तस्करों की नींद हुई हराम, 30 बोतल के साथ दो गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल

    इधर कुछ दिनों से रेलवे सुरक्षा बल की सक्रियता से शराब माफियाओं की नींद उड़ सी गई है। विभिन्न जगहों से ट्रेन द्वारा अवैध शराब के परिवहन कर गया जंक्शन पर लेकर आना तस्करों के लिए अब मुफीद नहीं कहा जा सकता है।
    आरपीएफ की इन दिनों बढ़ी हुई सक्रियता और मिल रहे इनपुट के आधार पर तस्कर पकड़े जा रहे हैं। आरपीएफ पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव की मानें तो टीम द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। इसी का प्रतिफल है शराब तस्कर पकड़े जाते हैं।
    श्री यादव ने बताया सोमवार को आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने 30 बोतल विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पकड़ा है। जिसका नाम व पता विकास कुमार उम्र 28 वर्ष पिता मुन्नी ठाकुर पता नारदीगंज थाना नारदीगंज जिला नवादा (बिहार) एवं करण कुमार उम्र 20 वर्ष पिता उपेन्द्र यादव पता नारदीगंज, पररिया थाना नारदीगंज जिला नवादा (बिहार) है। उन्होंने बताया टीम में रेसुब, पोस्ट गया के उनि. जावेद, प्र०आ० विवेकानंद शर्मा, आ० शशी शेखर, आ० देवेन्द्र प्रसाद तथा सउनि अनिल कुमार चौधरी, अपराध आसुचना शाखा गया एवं सीपीडीएस,गया के आ० सुनिल कुमार, आ० अमित कुमार, आ०/ बबलेश कुमार मीणा शामिल थे। उपनिरीक्षक जावेद इकबाल के द्वारा दिए गए लिखित शिकायत पत्र के आधार पर जीआरपी थाना गया में सुसंगत धाराओं के तहत कांड  दर्ज किया गया है। बरामद शराब हरियाणा राज्य निर्मित पाया गया है। जिसकु कीमत ₹38,580 आंकी गई है।
    वैसे तो चर्चा है कि स्टेशन के आसपास हर वक्त नजर आने वाले जाने पहचाने चेहरे के कुछ लोग ऐसे भी हैं जो अवैध शराब के धंधे को संरक्षण ही नहीं दिया करते हैं बल्कि संलिप्त भी रहते हैं, लेकिन पकड़ में नहीं आते हैं, ये अलग बात है।

  • मानपुर कुकरा पुल के नीचे एक युवती की मिली लाश, पुलिस जांच में जुटी

    मानपुर कुकरा पुल के नीचे एक युवती की मिली लाश, पुलिस जांच में जुटी

    देवब्रत मंडल

    रविवार को बुनियादगंज थाना को सूचना मिली कि कुकरा पुल के नीचे एक अज्ञात शव पाया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस सूचना से वरीय पदाधिकारी को अवगत कराते हुए तत्क्षण घटनास्थल पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया शव को पोस्टमार्टम हेतु ए.एन.एम.एम.सी.एच, गया भेजा गया है। एफ.एस.एल एवं तकनीकी टीम को भी घटनास्थल निरीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस तकनीकी अनुसंधान एवं आसूचना संकलन करते हुए सभी बिंदुओं पर गहनतापूर्वक जांच कर रही है। इस संबंध में बुनियादगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका की उम्र 20-25 वर्ष के आसपास है। उन्होंने बताया कि शव को देखने से प्रथम दृष्टया में प्रतीत होता है कि लाश पिछले कुछ दिनों से पड़ी हुई थी। मृतका की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

  • एक लड़की गुस्से में भागलपुर से भाग गई, ट्रेन से जाने वाली थी दिल्ली, गया जंक्शन पर फिर क्या हुआ, पढ़ें पूरी खबर

    एक लड़की गुस्से में भागलपुर से भाग गई, ट्रेन से जाने वाली थी दिल्ली, गया जंक्शन पर फिर क्या हुआ, पढ़ें पूरी खबर

    देवब्रत मंडल

    बिहार के भागलपुर जिले की रहने वाली एक 17 वर्षीया लड़की अपने घर से भाग कर दिल्ली जाने वाली थी। इसी बीच गया जंक्शन के आरपीएफ पोस्ट को सूचना मिली कि घर से भागी लड़की हावड़ा-गया एक्सप्रेस से गया पहुंचने वाली है। जो गया जंक्शन पर ट्रेन बदलकर दिल्ली जाएगी। इसके बाद आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव ने तुरंत एक टीम को लड़की को ढूंढने के लिए लगा दिया। इसके बाद लड़की को टीम ने खोज निकाला। पोस्ट प्रभारी श्री यादव ने बताया कि 12.04.2025(शनिवार) को डीडीयू मंडल के सिक्युरिटी कंट्रोल द्वारा इस आशय की सूचना के साथ लड़की का फोटोयुक्त आईडी प्रूफ भी भेजा गया। उन्होंने बताया कि परिजनों ने बताया था कि गाड़ी संख्या 13023 उप (गया हावड़ा एक्सप्रेस) से उनकी 17 वर्षीया बेटी गुस्सा में घर से भाग कर जा रही है। जो गया रेलवे स्टेशन में उतरकर दिल्ली जाने के लिए गया प्लेटफार्म पर रुकी है।
    उन्होंने बताया आरपीएफ पोस्ट गया के सउनि संजय कुमार सिंह साथ महिला आरक्षी सोनिका कुमारी के साथ गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर खोजबीन किया गया तो फोटो से मिलता जुलता एक लड़की प्लेटफार्म नंबर 01 पर हावड़ा इंड फुट ओवर ब्रिज के पास बैठी हुई थी। फोटो से मिलान करते हुए नाम पता पूछा गया तो उसने अपना सही सही नाम और पता बताई। श्री यादव ने बताया पहचान सुनिश्चित हो जाने पर शिकायतकर्ता लड़की के पिता को सूचित करते हुए बच्ची को सकुशल रेस्क्यू किया गया। ताकि किसी अनहोनी या मानव तस्करी का शिकार न होने पाये। रेस्क्यू किये गये उक्त नाबालिक को सही-सही हालत में चाइल्ड हेल्थ डेस्क गया के हवाले कर दिया गया है। इधर चाइल्ड हेल्प डेस्क के द्वारा लड़की के परिजनों को बुलाया गया है।

  • बच्चों को चूड़ी कारखाने में मजदूरी कराने जयपुर ले जा रहे दो मानव तस्कर जंक्शन पर गिरफ्तार, गया जिले के हैं सभी बच्चे 

    बच्चों को चूड़ी कारखाने में मजदूरी कराने जयपुर ले जा रहे दो मानव तस्कर जंक्शन पर गिरफ्तार, गया जिले के हैं सभी बच्चे 

    देवब्रत मंडल

    रेल थाना में पुलिस पदाधिकारी, मुक्त बच्चे व तस्कर

    रेलवे सुरक्षा बल की एक टीम ने पांच बाल श्रमिकों से मजदूरी कराने के लिए जयपुर ले जा रहे दो मानव तस्कर को गिरफ्तार करते हुए बच्चों को मुक्त कराया है।  आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव ने बताया कि शनिवार को उपनिरीक्षक जावेद एकबाल, प्रआ. अमरेंद्र कुमार, आरक्षी बबलेश कुमार मीणा, अमित कुमार और जीआरपी की संयुक्त टीम ने देखा कि गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म सं-01 के मुख्य द्वार के पास दो व्यक्ति पांच नाबालिक बच्चे के साथ है। शक होने पर दोनों व्यक्ति तथा नाबालिक बच्चों को रोककर दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई। जिसने अपना नाम धर्मेंद्र मांझी उम्र-25 वर्ष पिता-रामवृक्ष मांझी पता त्रिलोकी चक, थाना-टनकुपा, जिला-गया, बिहार तथा मनोवर हुसैन उम्र-50 वर्ष पिता-स्वर्गीय गुलाम सुब्हानी पता-बाजी बीघा, थाना-गुरारू, जिला-गया, बिहार बताया। नाबालिक बच्चों के बारे में पूछने पर बताया कि उनके गांव के ही हैं एवं सभी को लेकर जयपुर में चूड़ी फैक्ट्री में छोटा-मोटा काम करने के लिए लेकर जा रहे हैं। सभी बच्चों ने बताया कि इन्हें ₹5000 की महीना देने का प्रलोभन देकर उन्हें काम कराने जयपुर ले जाया जा रहा है। तत्पश्चात बच्चों के परिवार वालों से पूछताछ करने पर बताया कि उपरोक्त दोनों व्यक्तियो द्वारा बच्चों को बहला फुसलाकर एवं पैसे का लोभ लालच देकर बच्चों को जयपुर ले जाया जा रहा है।
    श्री यादव ने बताया मामला मानव तस्करी/बाल मजदूरी का पाये जाने के बाद उपनिरीक्षक जावेद इकबाल द्वारा एक लिखित शिकायत के साथ जीआरपी को दोनों तस्करों के साथ नाबालिक बच्चों को सुपुर्द किया गया। जहां तस्कारों के खिलाफ कांड दर्ज किया गया है। तस्करों के चंगुल से मुक्त कराए गए नाबालिक बच्चो को चाईल्ड हेल्प डेस्क गया को सुपुर्द किया गया। उन्होंने बताया सभी बच्चे गया जिले के हैं।