Blog

  • गया नगर निगम: योजनाओं के चयन को लेकर अभियंताओं ने किया फोन तो भड़क उठे पार्षद, कहा-जनहित याचिका दायर करूंगा

    गया नगर निगम: योजनाओं के चयन को लेकर अभियंताओं ने किया फोन तो भड़क उठे पार्षद, कहा-जनहित याचिका दायर करूंगा

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    गया नगर निगम बोर्ड की बैठक मानसून सत्र में होने वाली है। इसके पहले वार्ड पार्षदों से संबंधित वार्ड के कनीय अभियंता पार्षदों से प्राथमिकता के आधार पर विकास की योजनाओं की सूची मांग रहे हैं। इस बीच कुछ पार्षद जब अभियंता से राशि की बात पूछ रहे हैं कि कितने की योजनाओं का चयन किया जाना है तो इस प्रश्न के जवाब सुनकर पार्षद भड़क उठे हैं। वार्ड नं 13 के पार्षद राहुल कुमार ने पूछे जाने पर बताया कि उनके क्षेत्र के कनीय अभियंता देवनंदन प्रसाद ने उनसे 10 लाख रुपए तक की ही योजनाओं की सूची मांगा है। इस पर पार्षद ने अभियंता को स्पष्ट रूप से बता दिया कि उनके क्षेत्र में चंद्रशेखर जनता कॉलेज से लेकर तुतवाड़ी देवी स्थान मंदिर तक सड़क बिल्कुल ही सालों से जर्जर हालत में है। इसे बनवाने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा 2021 में ही एक डायरेक्शन पत्र के माध्यम से जिला प्रशासन को भेजा गया था कि इस पथ का निर्माण कराना है। लेकिन अबतक स्थिति जस की तस बनी हुई है।

    तुतवाड़ी-सीएस जनता कॉलेज मार्ग

    पार्षद राहुल कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर लोक शिकायत निवारण अधिकारी भी इस सड़क के निर्माण को लेकर आवश्यक बताया, परंतु अबतक यह सड़क नहीं बन पाया। जबकि पितृपक्ष मेला सिर पर है। इस पथ से होकर पिंडदान करने वाले आवासन स्थल से लेकर रामशिला और प्रेतशिला जाने के लिए इस पथ पर ही आना जाना करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस 10 लाख रुपये खर्च कर योजना को क्रियान्वित करने की योजना बनाई जानी है, वो राशि उन्हें नहीं चाहिए। जब यह सड़क नहीं बन पाता है तो वे इसको लेकर जनहित याचिका दायर करेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ वार्डों में न्यून राशि और कई वार्डों में अधिक राशि से योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर पार्षदों से जो सूची मांगी जा रही है, उसमें काफी का अंतर है। ये पार्षदों को आपस में फुट डालने का एक कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। जिसका बोर्ड की बैठक में एकस्वर में विरोध किया जा सकता है।

    वहीं वार्ड नं 39 के पार्षद संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि उनके वार्ड के जेई धर्मेंद्र कुमार ने 10 लाख रुपए की योजनाओं की सूची तैयार कर मांगा तो उन्होंने बताया कि उनके वार्ड से ही मेला क्षेत्र आरंभ हो जाता है। उन्होंने कहा कि 10 लाख रुपए खर्च कर यदि कोई योजना क्रियान्वयन के लिए पारित या स्वीकृति दी जाती है तो गलत होगा। यदि मेला अवधि में कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए नगर निगम के वे लोग जिम्मेदार होंगे जो इस प्रकार की योजनाओं को लेकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी बात है तो उन्हें लिखित रूप में दिया जाए कि उनके अलावा और किन किन वार्डों में कितनी कितनी राशि से योजनाओं का क्रियान्वयन किए जाने की बात है। यदि योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर राशि स्वीकृत करने की बात है तो इतनी कम राशि(10लाख रुपए) से उनके वार्ड में कोई आवश्यक या बड़ा कार्य नहीं हो सकता है। वहीं वार्ड नं 40 की पार्षद चंदू देवी का कहना है कि चिन्हित कर कुछ वार्ड पार्षदों के क्षेत्र में विकास कार्य को लेकर जो राशि कम देने की बात की जा रही है। यह पूरी तरह से गलत है। यदि ऐसा होता है तो क्षेत्र की जनता के साथ आंदोलन करने को बाध्य होंगी।

    इधर निगम एक वार्ड पार्षद अपना नाम सामने नहीं लाने की शर्त पर बताया कि कनीय अभियंताओं के साथ अनौपचारिक बैठक निगम में हुई थी। जिसमें अभियंताओं को विकास योजनाओं से संबंधित कार्यों की सूची मांगते हुए प्राक्कलन तैयार करने को मौखिक रूप से कहा गया है। सूत्रों की मानें तो वार्ड नं 13, 20, 21, 39, 40 और 41 में 10-10लाख रुपए की योजना चयनित कर प्राक्कलन तैयार करने की बात है।
    जबकि वार्ड नं 7, 10, 11, 12, 14, 16, 17, 18, 19, 22, 23, 31, 33, 35, 37, 38 और 42 में 20-20लाख रुपए तथा शेष बचे 30 वार्डों में 50-50 लाख रुपए की योजनाओं को चयनित करने की बात है।

  • गया नगर निगम: बहुत जल्द सशक्त स्थायी समिति के रिक्त पदों पर ले सकते हैं नए सदस्य शपथ

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    गया नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के तीन सदस्यों के पद पिछले 26 जून से रिक्त पड़े हैं। तीन सदस्य अशोक कुमार, विनोद कुमार यादव एवं स्वर्णलता वर्मा ने अपना इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद मेयर बीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने तीनों के इस्तीफे को मंजूरी देते हुए नगर आयुक्त को सौंप दिया था। इसके बाद से सशक्त स्थायी समिति के तीन सदस्यों का पद रिक्त पड़े हैं। इधर, जानकारी प्राप्त हुई है कि बहुत जल्द ही इन तीनों रिक्त पड़े स्थानों पर नए तौर पर सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। मेयर ने तीन पार्षदों के नाम नगर आयुक्त के माध्यम से सरकार(नगर विकास एवं आवास विभाग) को भेज चुके हैं।

    हालांकि इसमें केवल एक नए सदस्य के रूप में पूर्व डिप्टी मेयर वार्ड पार्षद अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव के शपथ लेने की बात है। चर्चा है कि शेष दो सदस्य वहीं रहेंगे जो पहले अपना इस्तीफा दे चुके हैं। सूत्रों की माने तो अगले सप्ताह तीन सदस्यों को शपथ लेने के लिए शीघ्र ही नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा पत्र जारी कर दिया जा सकता है। चर्चा है कि मोहन श्रीवास्तव इस्तीफा दे चुके वार्ड पार्षद अशोक कुमार की जगह लेंगे। शेष दो सदस्यों के नाम वहीं हैं जो अशोक कुमार के साथ इस्तीफा दे चुके थे। बहरहाल, यह खबर गया नगर निगम में चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां तक कि उन सदस्यों को बधाई के संदेश भी मिलने लगे हैं। जिनके नाम सरकार की ओर से जारी होने वाले पत्र में है। लेकिन, जब तक सरकार की तरफ से इस संबंध में कोई आदेश/निर्देश जारी नहीं हो जाता है तब तक magadhlive इसकी पुष्टि नहीं करता है।

  • गया में मासूम बच्ची के साथ 12वर्षीय नाबालिक ने किया दुष्कर्म

    गया में मासूम बच्ची के साथ 12वर्षीय नाबालिक ने किया दुष्कर्म

    कोंच। हवस के दरिंदगी तब पार कर गया जब प्रखंड के एक गांव में छ: साल के मासूम बच्ची के साथ एक 12वर्षीय नाबालिक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार प्रखंड के एक गांव में छ: वर्षीय मासूम बच्ची घर के गली में चापाकल पर स्नान करने के लिए गई थी। तभी बगल के घर में रह रहे 12वर्षीय नाबालिक लड़के ने सुनसान गली को देखकर बहला फूसलाकर पास के खेत में ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। बच्ची के रोने चिल्लाने की आवाज सुनकर जब परिजन दौड़े तब तक आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों ने बच्ची को आनन- फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोंच में भर्ती कराया गया। लेकिन चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए मगध मेडिकल कॉलेज गया रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद ने घटना को पुष्टि करते हुए कहा कि बदमाश को गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बच्ची के स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण बेहतर ईलाज के लिए गया भेजा गया है।

  • डुमरिया में गुरु गोष्ठी का किया आयोजन

    डुमरिया प्रखंड संसाधन केंद्र मे शुक्रवार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के आदेश पर मध्य एवं प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षकों के साथ बैठक किया गया। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रेखा कुमारी ने बैठक मे बाल संसद, मीना मंच का गठन कर शीर्घ रिपोर्ट जमा करने के साथ शिक्षकों को समय से विद्यालय संचालन का आदेश दिया।छात्र छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने पर बिशेष बल दिया गया।अनामांकित बच्चो को नामांकन पर बिशेष ध्यान् देने की बात कही गई।बच्चों को दोपहर भोजन समय से दिया जाए।चहक प्रशिक्षण पा कर बच्चों को गणित,हिन्दी और खेल खेल मे बच्चों को पढ़ाने का प्रयास किया जाए।छोटे बच्चों को गुणवता पूर्ण शिक्षा मे खेल खेल और चार्ट पेपर का सहारा लिया जाए।इस अवसर पर सेम्पल कुमार,प्रभात रंजन पाण्डेय,महेश कुमार मिश्रा,बिकास राय,ज्ञान देब प्रसाद,अनुप कुमार,रिमा कुमारी,बिजय कुमार सिंह,इत्यादि सैकड़ो शिक्षक उपस्थित हुए

  • कोंच थाना क्षेत्र के जैंतिया गांव में विद्युत करंट से एक युवक की हुई मौत, पत्नी का रो रो कर हुआ बुरा हाल

    कोंच थाना क्षेत्र के जैंतिया गांव में विद्युत करंट से एक युवक की हुई मौत, पत्नी का रो रो कर हुआ बुरा हाल

    कोंच। प्रखंड के परसावां पंचायत अंतर्गत जैंतिया गांव में विद्युत करंट से एक युवक की मौत शुक्रवार को सुबह दस बजे हो गया जिससे पत्नी का रो- रो कर बुरा हाल है।
    मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जैंतिया निवासी स्व.ददन सिंह के 30 वर्षीय पुत्र चंदन सिंह अपने घर के कमरे में विद्युत बोर्ड में तार जोड़ रहा था तभी वह विद्युत करंट के चपेट में आ गया जिससे वह घायल होकर गिर गया। पड़ोसियों के सहयोग से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। मौत के बाद पत्नी का रो- रो कर बुरा हाल है।प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम शर्मा ने बताया कि उक्त युवक के घर से माता- पिता का साया पहले ही उठ गया था और आज चंदन सिंह की मौत हो गई। वह भाई में अकेला था और एक माह पूर्व उसकी शादी हुई थी अब उसके घर में सिर्फ उसकी विधवा पत्नी है। उन्होंने इस घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।

    रिपोर्ट – महताब अंसारी ,कोंच संवाददाता

  • जीबीएम कॉलेज में सेहत केन्द्र का भव्य शुभारंभ

    जीबीएम कॉलेज में सेहत केन्द्र का भव्य शुभारंभ

    सेहत केन्द्र में छात्राएँ अपनी स्वास्थ्य समस्याएँ निःसंकोच साझा कर सकेंगी: प्रधानाचार्य

    गया। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज में प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. जावैद अशरफ के संरक्षण तथा एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ प्रियंका कुमारी के संयोजन में कॉलेज में युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राज्य स्वास्थ्य समिति के सहयोग से नवनिर्मित सेहत केन्द्र का उद्घाटन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ कार्यक्रम अध्यक्ष प्रधानाचार्य प्रो. जावैद अशरफ़, मुख्य अतिथि गया के सिविल सर्जन डॉ. रंजन कुमार सिंह, बीएसएसीएस(युवा), यूनिसेफ के कन्सल्टेंट संजय कुमार, पीएफआई की प्रोग्राम एनालिस्ट मिताक्षी, सेहत केन्द्र की नोडल अधिकारी डॉ प्रियंका कुमारी, नैक समन्वयक डॉ. शगुफ्ता अंसारी एवं कॉलेज की जन संपर्क अधिकारी- सह-मीडिया प्रभारी डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन द्वारा हुआ। तत्पश्चात छात्रा अमीषा भारती, स्वाति, प्रगति तथा अंजलि ने डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी के नेतृत्व में हारमोनियम पर जीबीएम कॉलेज के कुलगीत ‘गौतम बुद्ध महिला महाविद्यालय युग की शान। सा विद्या या विमुक्तये की पावन वैष्णव तान..’ तथा स्वागत गीत ‘स्वागतम, शुभ स्वागतम, बार-बार गूंजे ये वचन’ की सुमधुर प्रस्तुति दी। आगंतुक अतिथियों का स्वागत प्रधानाचार्य प्रो. अशरफ़ ने पौधा, महाविद्यालय पत्रिका तथा डायरी देकर किया। डॉ प्रियंका कुमारी ने सेहत केन्द्र के संचालन के पीछे निहित उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया।

    सिविल सर्जन डॉ रंजन कुमार सिंह ने किशोरों के स्वास्थ्य पर अपने विचार रखते हुए कहा कि सेहत केन्द्रों में युवाओं को पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, मादक पदार्थों के सेवन के दुष्प्रभाव, गैर-संचारी रोग, एचआईवी, एड्स, रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारियाँ दी जायेंगी। युवतियों को लिंग आधारित भेदभाव का विरोध करना चाहिए तथा अपना तथा अपने परिजनों के स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। प्रधानाचार्य प्रो. अशरफ ने छात्राओं को कॉलेज में संचालित स्वास्थ्य केन्द्र का भरपूर लाभ उठाने का निर्देश दिया। कहा कि जो छात्राएं अपने घर में अपने परिजनों से स्वास्थ्य समस्याएं साझा करने में संकोच करती हैं, वे सेहत केन्द्र में आकर अपनी समस्याओं का समाधान पा सकती हैं।

    यूनिसेफ के कन्सल्टेंट संजय कुमार ने कहा कि सेहत केन्द्र का उद्देश्य युवाओं को प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्हें लैंगिक समानता तथा जीवन कौशलों से रूबरूं करवाना है।प्रोग्राम एनालिस्ट मिताक्षी ने कहा कि कम उम्र में शादी हो जाने से महिलाओं के स्वास्थ्य तथा करिअर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ते हैं। युवतियों एवं महिलाओं को जनसंख्या नियंत्रण की युक्तियों को जानने के साथ अपने स्वास्थ्य को सही रखने हेतु पोषणयुक्त भोजन का सेवन करना चाहिए।कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रियंका तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ शगुफ्ता अंसारी ने किया।

    मीडिया प्रभारी डॉ रश्मि ने बताया कि उद्घाटन समारोह के पूर्व प्रातः इसी संबंध में पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया था। साथ ही, प्रधानाचार्य प्रो. अशरफ ने एएम कॉलेज,गया के अमित एवं नवनीत पांडे, एसएमएसजी कॉलेज, शेरघाटी के प्रियांशु कुमार एवं अंजलि कुमारी तथा सीयूएसबी, गया के उत्कर्ष वत्स तथा शिवम सिन्हा को बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी, पटना द्वारा आयोजित डिस्ट्रिक्ट लेवल रेड रिबन क्विज-2022 में क्रमशः प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय आने पर पुस्तकें प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी, पटना द्वारा आयोजित युवा संचार -2020 के तहत अॉनलाइन क्विज प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त जीबीएम की नमन्या और ईशा शेखर को भी प्रमाण पत्र तथा शील्ड प्रदान किये तथा प्रथम तथा द्वितीय स्थानों पर आये संस्थानों को पुरस्कार भिजवा दिये। कार्यक्रम में समस्त कॉलेज परिवार की उपस्थिति रही।

  • गर्ल्स हॉस्टल संचालन करने की आड़ में आर्म्स सप्लाई करने वाला टिकारी का अजय शर्मा एपी कॉलोनी से हुआ गिरफ्तार, पहले भी एक कांड में आया था नाम

    गर्ल्स हॉस्टल संचालन करने की आड़ में आर्म्स सप्लाई करने वाला टिकारी का अजय शर्मा एपी कॉलोनी से हुआ गिरफ्तार, पहले भी एक कांड में आया था नाम

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    गया पुलिस ने आर्म्स सप्लाई करने के आरोप में अजय कुमार उर्फ अजय शर्मा को आग्नेयास्त्र के साथ गिरफ्तार कर लिया है। मूल रूप से गया जिले के टिकारी का रहनेवाला अजय शर्मा गया शहर के पॉस इलाका अनुग्रहपुरी कॉलोनी में एक गर्ल्स हॉस्टल का संचालन(केअर टेकर) कर रहा था। गया पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दबोच लिया है। जिसके पास से ऑटोमैटिक पिस्टल, रिवॉल्वर, मैगजीन, जिंदा कारतूस और एक गन बरामद किया गया है। बरामद गन के लाइसेंस का सत्यापन कराया जा रहा है। गिरफ्तार अजय शर्मा ने पुलिस को बताया है कि गन(बंदूक) उसका है और लाइसेंसी है। बताया जा रहा है कि अजय शर्मा का नाम कुछ साल पहले गया शहर के कोतवाली थाना में दर्ज एक कांड में अनुसंधान के क्रम में सह अभियुक्त के तौर पर आया था। जिसमें अजय शर्मा फिलहाल पटना उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत पर था।
    एसएसपी आशीष भारती ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गया पुलिस को गुप्त सुचना प्राप्त हुई कि अजय कुमार, पिता चंद्र भुषण शर्मा, वर्तमान में एपी कॉलोनी गांगोबिगहा में रह रहा है, जो अवैध आर्म्स का व्यापार करता है।

    टीम गठित कर की गई छापेमारी

    उन्होंने बताया अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम में रामपुर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार के साथ रामपुर थाना के अन्य पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल
    शामिल थे। टीम जब एपी कॉलोनी, गांगोबिगहा में छापामारी करने पहुँची तो
    इस मकान के ग्राउंड फ्लोर पर अपने परिवार के साथ रह रहे एक व्यक्ति पुलिस को आता देख हाथ में झोला लेकर भागने का प्रयास किया। जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से टीम ने दबोच लिया। भागने के क्रम में अजय हाथ मे लिए झोला को कैम्पस में स्थित गौशाला में फेक दिया गया। एसएसपी श्री भारती ने बताया गिरफ्तार अजय कुमार, पिता चंद्र भुषण शर्मा, टिकारी के देवधरपुर, थाना टिकारी, जिला गया का रहनेवाला है। जो सुदामा गर्ल्स होस्टल का केयर टेकर का काम करता है।

    यहां यहां से बरामद हुए हथियार

    गौशाला में फेंके गए झोला से एक देशी औटोमेटिक पिस्टल मैगजीन लगा हुआ और एक अतिरिक्त मैगजीन बरामद हुआ। घर के पीछे चारदिवारी के अंदर एक काला रंग के बैग से एक औटोमेटिक रिवाल्वर बरामद हुआ। बैग के एक पैकेट से 11 जिन्दा गोली एवं नोकिया कम्पनी के की-पैड वाला मोबाईल बरामद हुआ। एसएसपी ने बताया छापामारी के क्रम में घर से एक दोनाली बंदुक भी बरामद हुआ है जिसके संबंध में अजय शर्मा द्वारा बताया गया कि यह उसका लाईसेंसी गन है। जिसकी
    की भी जांच एवं सत्यापन किया जा रहा है। इस संबंध में रामपुर थाना कांड संख्या 462/23, भादवि की धारा-25 (बी)(ए) / 26/35 आर्म्स एक्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

    कोतवाली थाना के एक कांड में आया था अजय शर्मा का नाम

    गिरफ्तार अजय कुमार उर्फ अजय शर्मा का नाम उस वक्त आर्म्स सप्लाई करने के एक मामले में आया था, जब
    04-02-21 को कोतवाली थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने सिकंदर खान और रेहान खान को पंचायती अखाड़ा से गिरफ्तार किया था। सिकंदर और रेहान आर्म्स के साथ पकड़ा गया था। ये दोनों मूलतः नवादा जिले का रहनेवाला है। सिकंदर कोतवाली थाना क्षेत्र के पंचायती अखाड़ा मोहल्ले में एक मकान में किराए पर रह रहा था। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 46/21 दर्ज किया था। घटना के दिन इन दोनों के पास से दो देशी पिस्टल और चार मैगजीन और मोबाइल बरामद हुआ था। पिस्टल पर made in USH लिखा हुआ था। इस मामले में अजय शर्मा का नाम सह अभियुक्त के रूप में आया था।

    गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत याचिका दायर किया था

    इस मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए अजय 22/03/21 को गया व्यवहार न्यायालय में एडीजे-5 की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर किया था। न्यायालय द्वारा सह अभियुक्त अजय शर्मा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी। कांड के तत्कालीन अनुसंधान कर्ता पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार ने सिकंदर खान के स्वीकारोक्ति बयान पर अजय शर्मा को सह अभियुक्त बनाया था। आरोप लगाया गया था कि अजय शर्मा से भी वह आग्नेयास्त्र खरीदता था। इसके बाद इस कांड में इसकी संलिप्तता सामने आई थी। गया व्यवहार न्यायालय से अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दिए जाने के बाद अजय शर्मा को 07-10-2021 को पटना उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिली थी।

  • मोहनपुर प्रखंड प्रमुख पर जानलेवा हमला मामले में गया पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

    मोहनपुर प्रखंड प्रमुख पर जानलेवा हमला मामले में गया पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

    मोहनपुर प्रखंड प्रमुख दीपक सिंह और उपप्रमुख मुन्ना यादव पर बीते दिनों हुए जानलेवा हमला मामले में गया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ज्ञात हो बीते दिनों 10जुलाई को मोहनपुर प्रखंड प्रमुख और उपप्रमुख एवं उसके दो अन्य साथी स्कूल की जांच करने घुघरी गांव जा रहे थे। तभी घुघरी गांव से पहले जंगल में गाड़ी रुकवाकर करीब 10 के संख्या में रहे अपराधियों ने रॉड और धारदार हथियार से हमला कर दिया था। जिसके बाद घायलों को प्राथमिक स्वास्थ केंद्र मोहनपुर में भर्ती कराया गया था जहां से बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल भेजा गया था।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए गया एसएसपी आशीष भारती ने बताया की बीते दिनों यानी 11 जुलाई को मोहनपुर प्रखंड प्रमुख और उपप्रमुख के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस घटना को गंभीरता से देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक, गया के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम का गठन किया गया जिसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बोधगया, थानाध्यक्ष बाराचट्टी, मगध विश्वविद्यालय एवं मोहनपुर थानाध्यक्ष को शामिल किया गया। उक्त गठित एसआईटी टीम के द्वारा इस कांड में संलिप्त अपराधकर्मी के गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी किया जा रहा है। इसी दौरान बुधवार को प्राथमिकी के नामजद अभियुक्त छोटु यादव, पिता तुलसी यादव,
    सा० घुघरी, थाना मोहनपुर, जिला गया को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • ट्रेन की चपेट में आने से रिटायर्ड पुलिसकर्मी घायल, रेलवे अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया

    ट्रेन की चपेट में आने से रिटायर्ड पुलिसकर्मी घायल, रेलवे अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन के पास गुरुवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ के लोग स्थानीय लोगों की मदद से रेलवे अनुमंडल अस्पताल में इलाज के लिए ले गए। अस्पताल में जिनकी प्राथमिक उपचार शुरू हो गया है। अस्पताल एवं आरपीएफ के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि घायल औरंगाबाद जिले के मखदुमपुर का रहने वाले राजेन्द्र प्रसाद हैं। जिनके पिता का नाम स्व. चंद्रिदेव प्रसाद है। राजेन्द्र प्रसाद के बारे में जानकारी दी गई है कि वे रिटायर्ड पुलिसकर्मी हैं। जिनके परिवार को सूचना दे दी गई है। रेलवे सूत्रों ने बताया कि घटना गया जंक्शन से कुछ दूरी पर रेल विद्युत विभाग के कार्यालय (पावर हाउस) के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डेहरी ऑन सोन से चलकर गया होते हुए पटना को जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से राजेन्द्र प्रसाद घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर ऑन ड्यूटी आरपीएफ के स्टाफ घटनास्थल पर से घायल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना कैसे हुई इसकी जानकारी अप्राप्त है।

  • फेवर ब्लॉक के सोलिंग कार्य का प्रखंड प्रमुख ने किया उद्घाटन

    फेवर ब्लॉक के सोलिंग कार्य का प्रखंड प्रमुख ने किया उद्घाटन

    कोंच। बालाजी मंदिर कोंच बाजार के प्रांगण में पंचायत समिति के मद से किये गए फेबर ब्लॉक सोंलिंग के कार्य का उद्घाटन प्रखण्ड प्रमुख मणी देवी के द्वारा फीता काट कर व नारियल तोड़कर बुधवार को किया गया।
    उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रखण्ड प्रमुख मणी देवी ने कहा कि पंचायत समिति के विभिन्न मदों से दो साल के कार्यकाल में दर्जनों विकास योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन का कार्य किया गया है। जिससे जनता के जन समस्याओं का निदान हुआ है। शेष बचे हुए कार्यो को भी समय रहते पूरा कर लिया जायेगा। प्रमुख ने कहा कि कोई भी पंचायत के गांव नहीं बचेगा जहां विकास का कार्य करने के लिए बाकी रहेगा। बालाजी मंदिर के प्रांगण में आने वाले श्रद्धालुओं को सोलिंग के अभाव में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। खासकर बरसात के दिनों में पैर में कीचड़ लगते थे। लेकिन सोलिंग होने के बाद समस्या दूर हो गया है। उक्त कार्यक्रम में प्रखण्ड पंचायत राज पदाधिकारी विश्वनाथ कुमार, लोजपा नेता कमलेश शर्मा, राज किशोर प्रसाद, जयंत यादव, अशोक गुप्ता, हरेन्द्र दांगी, बब्लू शर्मा समेत काफी संख्या में प्रतिनिधि शामिल थे।

    रिपोर्ट : महताब अंसारी ,कोंच