देवब्रत मंडल

सोमवार सुबह की घटना से इलाके में सनसनी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही खुलेगा मौत का राज
गया शहर के लाल बाबा तालाब के पास सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव बरामद किया गया। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझती जा रही है।
कोतवाली थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है और उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान के लिए शव की तस्वीर भी आसपास के क्षेत्रों में वायरल की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, युवक के नशे का शिकार होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस इस पर अभी कुछ भी कहने से बच रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि मृतक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। कोतवाली थानाध्यक्ष ने आम लोगों से अपील की है कि यदि युवक को जो भी पहचान कर रहे हैं तो इसकी सूचना थाना को दें, उनका नाम पता गुप्त रखा जाएगा।
