देवब्रत मंडल

गया। 11 जून। पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर द्वारा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के हेड कांस्टेबल संवर्ग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 149 हेड कांस्टेबलों के स्थानांतरण का आदेश जारी किया गया है। यह आदेश पीसीएससी (प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त) पूर्व मध्य रेल के स्तर से जारी किया गया।
जारी आदेश के अनुसार दानापुर, धनबाद, पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू), समस्तीपुर और सोनपुर रेल मंडल के अंतर्गत कार्यरत हेड कांस्टेबलों का विभिन्न पोस्टों एवं आरपीएफ इकाइयों में स्थानांतरण किया गया है। कई कर्मियों को पदोन्नति के उपरांत नई तैनाती भी दी गई है
तबादला सूची में दानापुर मंडल के 30, धनबाद मंडल के 58, डीडीयू मंडल के 31, समस्तीपुर मंडल के 16 तथा सोनपुर मंडल के 14 हेड कांस्टेबल शामिल हैं। इसके अलावा कुछ कर्मियों का स्थानांतरण जोनल मुख्यालय हाजीपुर की विभिन्न इकाइयों में भी किया गया है।
आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद संबंधित कर्मियों को पांच दिनों के भीतर कार्यमुक्त किया जाएगा ताकि वे अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान दे सकें। किसी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर मामले को रेलवे बोर्ड के सुरक्षा निदेशालय के संज्ञान में लाने का निर्देश भी दिया गया है।
आरपीएफ में हुए इस व्यापक फेरबदल को संगठनात्मक आवश्यकताओं, प्रशासनिक संतुलन तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
