देवब्रत मंडल

गया, 17 अप्रैल 2026: गया रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित 2500 वर्ग मीटर के होल्डिंग एरिया के निर्माण को लेकर शुक्रवार को उच्चस्तरीय निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सह महानिरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल अमरेश कुमार के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान रेलवे सुरक्षा बल, गया के सहायक सुरक्षा आयुक्त, डीएसपी ट्रैफिक, डीएसआरपी आलोक कुमार सिंह, आरपीएफ पोस्ट गया के निरीक्षक प्रभारी तथा राजकीय रेल पुलिस गया की प्रभारी थानाध्यक्ष निशा कुमारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान प्रस्तावित होल्डिंग एरिया की आवश्यकता, उपयोगिता और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने अपने-अपने अनुभव के आधार पर महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए। महानिरीक्षक द्वारा निर्माण कार्य को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बताया गया कि इस होल्डिंग एरिया के निर्माण से गया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा। इनके आगमन की सूचना मिलते ही होल्डिंग एरिया एवं सर्कुलेटिंग एरिया में अतिक्रमण हटाने का काम कर लिया गया था। जहां तहां लगने वाले बेतरतीब वाहनों को हटवा दिया गया था। वहीं कुछ दुकानें जो अवैध तरीके से लगे रहते थे वो सारे बंद करवा दिए गए थे। महानिरीक्षक श्री अमरेश कुमार गया जंक्शन पर आने से पहले रफीगंज स्टेशन पर भी सुरक्षात्मक जायजा ले चुके थे। गया जंक्शन पर एवं ट्रेनों में अवैध तरीके से चल रहे वेंडर्स भी नजर नहीं आए। वहीं आरपीएफ के स्थानीय प्रशासन श्री कुमार के आगमन के पूर्व सतर्कता बरतते देखे गए। ऑटो रिक्शा स्टैंड की स्थिति कुछ बदली हुई नजर आई। वहीं आम दिनों की तुलना में सभी जवान वर्दी में नजर आए। स्पेशल के नाम पर कुछ आरक्षी जो सादे लिबास में प्लेटफॉर्म पर एवं स्टेशन परिसर में नजर आते थे वे सभी वर्दियों में दिखाई दे रहे थे। श्री कुमार ने पदाधिकारी तथा जवानों को निष्ठापूर्वक ड्यूटी करते हुए यात्रियों की सुरक्षा के साथ साथ उनकी सुविधाओं पर विशेष ख्याल रखने का निर्देश दिया। कई मायनों में पूर्व मध्य रेल के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमरेश कुमार का गया आगमन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
