देवब्रत मंडल

गया। गया शहर के बागेश्वरी गुमटी पर प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य को लेकर रेलवे की ओर से प्रभावित दुकानदारों और स्थानीय लोगों के लिए नोटिस जारी किया गया है। नोटिस के अनुसार 24 जुलाई 2026 से निर्माण कार्य तेज गति से शुरू किया जाएगा, जिसके लिए जेसीबी एवं अन्य भारी मशीनों का संचालन किया जाएगा।
जारी नोटिस में कहा गया है कि निर्माण स्थल पर स्थित सभी अस्थायी एवं स्थायी दुकानों तथा अन्य अवरोधों को 23 जुलाई 2026 तक स्वयं हटा लिया जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सभी दुकानदार अपने सामान को निर्धारित समय के भीतर सुरक्षित स्थान पर हटा लें। यदि तय समय सीमा के बाद भी दुकानें या अवरोध नहीं हटाए जाते हैं, तो निर्माण कार्य की आवश्यकता के अनुसार प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित दुकानदारों की होगी।
नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह कदम जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, ताकि निर्माण कार्य के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना या संपत्ति की क्षति से बचा जा सके।
गौरतलब है कि बागेश्वरी गुमटी आरओबी परियोजना को लेकर जिला प्रशासन और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। हाल ही में प्रभावित मकानों की मापी, दीवारों पर निशान लगाने और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी तेज की गई है। अब नोटिस जारी होने के बाद माना जा रहा है कि परियोजना का निर्माण कार्य अगले चरण में तेजी से आगे बढ़ेगा।
