देवब्रत मंडल

गया जी: बागेश्वरी गुमटी के पास बन रहे रेल ओवर ब्रिज (ROB) के निर्माण कार्य में गुरुवार देर रात बाधा उत्पन्न हो गई। निर्माण कंपनी के प्लांट सह बेस कैंप कार्यालय से जुड़े मार्ग के पास स्थित एक पुरानी और जर्जर पुलिया भारी वाहनों के दबाव से क्षतिग्रस्त हो गई। दरअसल यहां से बड़ा नाला गुजरा है। नाला के ऊपर से कंक्रीट पथ काफी पहले बनाया गया था जो जर्जर हालत में थी। जिसकी वजह से यह टूट गया था।

जानकारी के अनुसार स्टोन चिप्स लदे भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण पुलिया टूट गई थी। सूचना मिलते ही निर्माण कंपनी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टूटी पुलिया की जगह बड़े ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मार्ग तैयार कर दिया, ताकि वाहनों का आवागमन सुचारू हो सके।
क्या बोले प्रोजेक्ट मैनेजर
इस संबंध में प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार वर्मा ने बताया कि “पुलिया काफी पुरानी थी। भारी दबाव के कारण वह क्षतिग्रस्त हो गई। हमने तुरंत मरम्मती कार्य शुरू करा दिया है। शुक्रवार की शाम से ROB का निर्माण कार्य फिर से शुरू करवा दिया जाएगा।”

पानी की पाइप लाइन भी क्षतिग्रस्त
इधर बागेश्वरी रोड पर जहां पिलर के फाउंडेशन का काम चल रहा है, वहां लोगों के घरों में जलापूर्ति करने वाली पाइप लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कंपनी ने समय पर पाइप की मरम्मत नहीं कराई, जिससे घरों में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई है। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि पाइप लाइन की मरम्मत भी जल्द करा दी जाएगी।
अतिक्रमण और ई-रिक्शा बने बाधा
निर्माण कंपनी से जुड़े लोगों ने बताया कि निर्माण स्थल पर अतिक्रमण और ई-रिक्शा का अवैध पड़ाव भी कार्य में बाधा डाल रहा है। कंपनी ने जिला प्रशासन से इस संबंध में त्वरित कार्रवाई की मांग की है, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा किया जा सके।
