गया जी में 29.84 लाख की यहां नाला निर्माण योजना 15 नवंबर तक होगी पूरी, शिकायत पर बुडको और नगर निगम ने दी रिपोर्ट

Deobarat Mandal

देवब्रत मंडल


गया। गया नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-24 में डेल्हा ओभर ब्रिज से नाजरेथ स्कूल तक प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य को लेकर जिला जनता दरबार में की गई शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला पदाधिकारी को नगर निगम और बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) द्वारा भेजी गई अनुपालन रिपोर्ट में बताया गया है कि करीब 29.84 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत नाला निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है और इसे 15 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जनता दरबार में दर्ज हुई थी शिकायत

दस्तावेजों के अनुसार, गया टाउन निवासी अधिवक्ता अंशुमान नागेन ने जिला स्तरीय जनता दरबार में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-24 अंतर्गत डेल्हा ओवरब्रिज से नाजरेथ स्कूल के सामने तक नाला निर्माण कार्य की प्रगति और उसकी पूर्णता तिथि की जानकारी मांगी गई थी।

नगर निगम ने डीएम को भेजी अनुपालन रिपोर्ट


29 जुलाई 2026 को नगर निगम गया द्वारा जिला पदाधिकारी को भेजी गई अनुपालन रिपोर्ट में बताया गया कि संबंधित मामले में बुडको के परियोजना निदेशक से प्रतिवेदन प्राप्त किया गया है। उसी प्रतिवेदन के आधार पर नगर निगम ने डीएम कार्यालय को सूचित किया कि निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा।

बुडको का दावा- 15 नवंबर तक पूरा होगा निर्माण


बुडको के परियोजना निदेशक द्वारा नगर निगम को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 29,84,487 रुपये की लागत वाली इस योजना का शिलान्यास होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। विभाग ने निर्माण कार्य की समाप्ति तिथि 15 नवंबर 2026 निर्धारित की है और समय पर कार्य पूरा करने का भरोसा दिया है।

स्थानीय लोगों को जलजमाव से राहत मिलने की उम्मीद


यदि तय समय सीमा के भीतर नाला निर्माण पूरा हो जाता है तो वार्ड संख्या-24 के डेल्हा ओवरब्रिज से नाजरेथ स्कूल तक के क्षेत्र में वर्षों से बनी जलनिकासी की समस्या से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। अब स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार नवंबर तक कार्य पूरा कर पाता है या नहीं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *