देवब्रत मंडल
मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली रिपोर्ट के बाद हरकत में आया रेलवे, स्थान चयन पर मंथन; समाजसेवियों ने डीप फ्रीजर दान करने की जताई इच्छा

गया। गया जंक्शन पर शवों के रख-रखाव की अमानवीय स्थिति को उजागर करने वाली मगध लाइव की विशेष खबर अब असर दिखाने लगी है। लंबे समय से उपेक्षित इस गंभीर मानवीय मुद्दे पर अब रेल प्रशासन सक्रिय हो गया है। सूत्रों के अनुसार गया जंक्शन पर जल्द ही शीतयुक्त (एयर कंडीशनर युक्त) आधुनिक शवगृह बनाने की योजना पर विचार शुरू हो गया है। हालांकि निर्माण कब शुरू होगा और अंतिम रूप से किस स्थान पर बनाया जाएगा, इस पर अभी निर्णय नहीं हुआ है, लेकिन रेलवे स्तर पर जगह की तलाश तेज कर दी गई है।
गौरतलब है कि गया जंक्शन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में आधुनिकीकरण किया जा रहा है। बावजूद इसके, स्वीकृत नक्शे में फिलहाल शवगृह के लिए किसी निर्धारित स्थान का स्पष्ट उल्लेख नहीं है। ऐसे में मगध लाइव द्वारा उठाए गए इस संवेदनशील मुद्दे के बाद रेलवे प्रशासन अब इस कमी को दूर करने की दिशा में गंभीरता से विचार कर रहा है।

प्लेटफॉर्म 1/C के सामने बन सकता है आधुनिक शवगृह
रेलवे सूत्रों के अनुसार प्रस्तावित शवगृह का निर्माण प्लेटफॉर्म संख्या 1/C के सामने या उसके आसपास किए जाने की संभावना है। इसे पूरी तरह शीतयुक्त बनाया जाएगा, ताकि शवों को सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से रखा जा सके। प्रारंभिक योजना के अनुसार इस शवगृह में एक साथ दो से तीन शवों को रखने की व्यवस्था होगी।
इस व्यवस्था का उद्देश्य यह है कि रेल क्षेत्र में किसी यात्री या अज्ञात व्यक्ति की मृत्यु होने पर शव को ट्रेन, प्लेटफॉर्म या रेलवे ट्रैक से हटाकर पहचान एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक नियमानुसार 72 घंटे सुरक्षित रखा जा सके।
2 अगस्त की रिपोर्ट ने जगाई संवेदना
उल्लेखनीय है कि 2 अगस्त को मगध लाइव ने गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के दिल्ली छोर पर बने पुराने शवगृह में रखे एक यात्री के शव की स्थिति पर आधारित एक विशेष रिपोर्ट प्रकाशित की थी। उस रिपोर्ट ने न केवल रेल प्रशासन बल्कि आम लोगों की संवेदनाओं को भी झकझोर दिया। रिपोर्ट के बाद ही रेलवे के भीतर इस व्यवस्था को सुधारने को लेकर गंभीर चर्चा शुरू हुई और अब आधुनिक शवगृह बनाने की पहल सामने आ रही है।
समाजसेवियों ने बढ़ाया सहयोग का हाथ
इस बीच दो सामाजिक रूप से जागरूक लोगों ने मगध लाइव के संवाददाता से मुलाकात कर एक सराहनीय प्रस्ताव रखा। उन्होंने पहचान सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर कहा कि यदि रेलवे शीघ्र शवगृह का निर्माण करा देता है, तो वे अपनी ओर से डीप फ्रीजर दान करेंगे, ताकि किसी भी यात्री या अज्ञात व्यक्ति के शव को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखा जा सके।
उनका कहना था कि “रेल प्रशासन आज शवगृह बना दे, तो हम कल ही डीप फ्रीजर उपलब्ध करा देंगे।”
संवेदनशील व्यवस्था की ओर एक सकारात्मक कदम
रेलवे स्टेशन केवल यात्रियों के आवागमन का केंद्र नहीं, बल्कि मानवीय जिम्मेदारियों का भी महत्वपूर्ण स्थल है। ऐसे में आधुनिक और शीतयुक्त शवगृह का निर्माण न केवल एक बुनियादी आवश्यकता है, बल्कि मृतकों के सम्मान और उनके परिजनों की भावनाओं के प्रति संवेदनशीलता का भी प्रतीक होगा। यदि यह योजना शीघ्र धरातल पर उतरती है, तो गया जंक्शन देश के उन चुनिंदा स्टेशनों में शामिल हो सकता है, जहां शवों के सम्मानजनक संरक्षण की समुचित व्यवस्था उपलब्ध होगी।
