देवब्रत मंडल

17 साल पुराने जेवर के बिल मांगने पर उठे सवाल, लगातार हो रही महिला यात्री घटना की शिकार
गया जंक्शन पर एक महिला के पर्स से सोने के जेवरात गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत के बाद भी RPF ने FIR दर्ज करने के बजाय 17 साल पुराने जेवर का बिल मांगा गया। वहीं सीसीटीवी फुटेज दिखाने के दौरान घटना के अहम 20-30 मिनट का डेटा ‘तकनीकी खराबी’ के कारण नहीं मिला। जिससे पीड़ित असंतुष्ट है।
क्या है पूरा मामला
पीड़िता के पति कुलदीप कुमार के कहे अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को सुबह 8:41 बजे उनकी पत्नी पटना-गया मेमू ट्रेन से गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर उतरीं थी। ट्रेन से उतरने से पहले उन्होंने पर्स में रखे सभी सोने के जेवर चेक किए थे। स्टेशन से बाहर निकलने के लिए जब वे फुटओवर ब्रिज की सीढ़ियों से उतर रही थीं, तब वहां भारी भीड़ थी। डेल्हा साइड में उतरने के बाद ऑटो रिज़र्व कर कुजापी अपने घर के पास ऑटो का किराया देने के लिए पर्स खोला तो देखा कि पर्स की चेन खुली थी और सारे सोने के जेवर गायब थे।
शिकायत दर्ज कराने RPF थाने में 4 घंटे बाद पहुंचे,
कुलदीप कुमार ने बताया कि जेवरात चोरी हो जाने के घटना की जानकारी हुई तो दोपहर 12:20 बजे गया स्टेशन स्थित थाने पहुंचा। वहां थानाध्यक्ष ने सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए पुलिस इंस्पेक्टर कार्यालय भेज दिया। उन्होंने बताया आवेदन देने पर फुटेज दिखाई गई, लेकिन केवल सुबह 8:36 बजे तक की ही थी। इसके बाद का फुटेज उपलब्ध नहीं बताया गया। उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने कहा कि उसके बाद की 20-30 मिनट की फुटेज ‘अज्ञात तकनीकी खराबी’ के कारण रिकॉर्ड नहीं हुई। उन्होंने सवाल उठाया है कि जब 8:36 बजे तक की फुटेज है तो अगले 20-30 मिनट की क्यों नहीं? जवाब मिला- तकनीकी एरर।
’17 साल पुराने जेवर थे, जिसका बिल लाने को कहा गया
उन्होंने बताया कि थाने आने पर FIR के लिए आवेदन के साथ सोने के जेवर का बिल मांगा गया। पीड़ित का कहना है कि 17 साल से ज्यादा पुराने पैतृक जेवर हैं। शादी के समय के बिल कौन संभालकर रखता है? शिकायतकर्ता ने रेल प्रशासन से अनुरोध किया है कि उनकी शिकायत स्वीकार कर पैतृक जेवरों की बरामदगी में मदद की जाए।
बिहार पुलिस के पोर्टल पर भी दर्ज कराई शिकायत
कुलदीप कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी के पर्स से सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, कान की बाली व सोने की अंगूठी(कुल 45 ग्राम) आभूषण की चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि पत्नी साथ में अपने दो बच्चे के साथ एक शादी समारोह से लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि इस घटना की शिकायत उन्होंने बिहार पुलिस के पोर्टल पर भी की है। कुलदीप कुमार ने बताया कि वे मूल रूप से सुपौल जिले के रहने वाले हैं लेकिन सेंट्रल यूनिवर्सिटी में नौकरी करने की वजह से आसपास कुजापी में ही अपना घर बनाकर रह रहे हैं। वे सेंट्रल यूनिवर्सिटी में लाईब्रेरी में कार्यरत हैं।
