देवब्रत मंडल

गया, 15 अप्रैल 2026: पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत गया रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में चोरी के मोबाइल बरामद कर विधिक कार्रवाई की गई है।
पहला मामला: हुलिया के आधार पर चोर गिरफ्तार
पहले मामले में गया जिले के माडणपुर निवासी यात्री अभय कुमार (25 वर्ष) ने अपने मोबाइल चोरी होने की शिकायत जीआरपी गया में दर्ज कराई। शिकायत में दिए गए हुलिया के आधार पर जीआरपी थाना प्रभारी शिवकुमार, RPF के नि.प्र. बनारसी यादव, अ.आ. शाखा के निरीक्षक चंदन कुमार एवं CPDS टीम के उ.नि. मुकेश कुमार ने संयुक्त छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी नीरज कुमार (20 वर्ष), पिता कैल यादव, निवासी गोविंदपुर, थाना चंदौती (गया) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी हुआ मोबाइल बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹45,000 बताई गई है। इस संबंध में जीआरपी गया थाना में कांड संख्या 104/2026 के तहत धारा 303 बीएनएस दर्ज की गई है।
दूसरा मामला: ट्रेन में संदिग्ध पकड़ा गया
दूसरे मामले में 12314 डाउन नई दिल्ली–सियालदह राजधानी एक्सप्रेस में डीडीयू से गया के बीच गश्त कर रही RPF टीम (प्र.आ. आर.पी. कन्नौजिया एवं आ. चंदन कुमार) ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम राजेश कुमार मिश्रा, निवासी हटिया (झारखंड) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चोरी का मोबाइल बरामद हुआ। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यह मोबाइल 12878 डाउन गरीब रथ एक्सप्रेस में एक यात्री से चोरी किया था। साथ ही उसके पास यात्रा का वैध टिकट भी नहीं था।
गया स्टेशन पर पहुंचने के बाद जीआरपी के उ.नि. निरंजन कुमार ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में जीआरपी गया थाना में कांड संख्या 105/2026 के तहत धारा 305(सी) एवं 317(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बरामद मोबाइल की कीमत करीब ₹10,000 आंकी गई है।
