Blog

  • आगरा कैंट प्रकरण के बीच रेलवे का नया निर्देश: टिकट जांच नहीं करेगी RPF, केवल कमर्शियल स्टाफ को होगा अधिकार

    आगरा कैंट प्रकरण के बीच रेलवे का नया निर्देश: टिकट जांच नहीं करेगी RPF, केवल कमर्शियल स्टाफ को होगा अधिकार

    देवब्रत मंडल


    12 जुलाई को आगरा कैंट स्टेशन पर डिप्टी एसएस और आरपीएफ के बीच घटित हुई घटना को लेकर एक ओर जहां भारतीय रेल में एक तूफान खड़ा हो गया है तो इसी बीच पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने टिकट जांच (Ticket Checking) के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की भूमिका को लेकर नया निर्देश जारी किया है। 14 जुलाई 2026 को जारी पत्र में रेलवे बोर्ड के निर्देशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया गया है कि यात्रियों के टिकट की जांच और अतिरिक्त किराया (Excess Charge) वसूलने का अधिकार केवल रेलवे के वाणिज्य (Commercial) विभाग के टिकट जांच कर्मचारियों के पास होगा। RPF कर्मी अपने स्तर पर टिकट जांच नहीं करेंगे। सहायक वाणिज्य प्रबंधक(एसीएम), वाराणसी द्वारा जारी पत्र में सभी ड्यूटी पर तैनात टीटीई, स्लीपर रोड, आईसीपी सहित संबंधित कर्मचारियों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।

    पत्र की प्रमुख बातें


    # भारतीय रेलवे कमर्शियल मैनुअल (IRCM) के अनुसार टिकट जांच और अतिरिक्त किराया वसूलने का अधिकार केवल टिकट जांच स्टाफ को है।
    # RPF अपने स्तर पर यात्रियों के टिकट की जांच नहीं करेगी।

    # रेलवे अधिनियम की धारा 137 और 138 के तहत बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई टिकट जांच स्टाफ की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

    # रेलवे अधिनियम की धारा 179(2) के तहत ASI या उससे ऊपर के रैंक के RPF अधिकारी आवश्यक परिस्थितियों में बिना वारंट गिरफ्तारी कर सकते हैं, लेकिन यह कार्रवाई टिकट जांच स्टाफ के उचित अनुरोध पर ही होगी।

    # रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि RPF केवल वाणिज्य विभाग को टिकट जांच अभियान में सुरक्षा और आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी, स्वयं टिकट जांच नहीं करेगी।

    # किसी अपराध, भगदड़ या अन्य कानून-व्यवस्था की स्थिति को छोड़कर चलती ट्रेनों में नियमित टिकट जांच अभियान में RPF कर्मियों को शामिल नहीं किया जाएगा।
    # त्योहारों और अत्यधिक भीड़ के दौरान सुरक्षा कारणों से बड़े टिकट जांच अभियानों से बचने की सलाह भी दी गई है।


    यात्री सुरक्षा और समन्वय पर जोर
    पत्र में सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि वे ड्यूटी के दौरान इन नियमों का पूर्ण पालन करें तथा RPF और वाणिज्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखें, ताकि रेल संचालन और यात्री सुरक्षा प्रभावित न हो।

    ध्यातव्य:यह आदेश रेलवे बोर्ड के पूर्व में जारी डायरेक्टिव नंबर 38 तथा 19 सितंबर 2017 के स्पष्टीकरण पत्र के अनुपालन में जारी किया गया है।

  • अपडेट्स:गया जंक्शन पर वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से फर्जी टीटीई गिरफ्तार, फर्जी आईडी भी बरामद

    अपडेट्स:गया जंक्शन पर वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से फर्जी टीटीई गिरफ्तार, फर्जी आईडी भी बरामद

    देवब्रत मंडल

    रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया ने ट्रेन संख्या 12329 अप, वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से एक फर्जी टीटीई को गिरफ्तार किया है। उसके पास से फर्जी टीटी का आईडी कार्ड भी बरामद किया गया है।

    ऐसे पकड़ा गया फर्जी टीटीई


    RPF पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव ने बताया कि सुरक्षा नियंत्रण कक्ष DDU से सूचना मिली थी कि ट्रेन के कोच नंबर M-2 में ड्यूटी के दौरान मुख्य टिकट निरीक्षक श्री विनोद कुमार ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ कर रखा है।

    सूचना मिलते ही ट्रेन के गया जंक्शन पहुंचने पर RPF पोस्ट गया के उप निरीक्षक इंद्र कुमार, ऑन ड्यूटी कमर्शियल स्टाफ सतीश कुमार Sr. CCTC/GAYA, आशीष कुमार Sr. TC/GAYA एवं GRP गया की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। ऑन ड्यूटी टीटी विनोद कुमार ने मेमो के साथ उस व्यक्ति को RPF को सौंपा।

    गिरफ्तार आरोपी की पहचान
    पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमर कुमार, उम्र 35 वर्ष, पुत्र शंभू प्रसाद, निवासी ग्राम बेला, थाना लक्ष्मीपुर, जिला जमुई, बिहार बताया।

    जांच में पाया गया कि वह बिना वैध टिकट AC कोच में यात्रा कर रहा था और स्वयं को रेलवे कर्मचारी बताकर यात्रियों एवं रेलवे प्रशासन को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था। उसके पास से एक फर्जी टीटी का आईडी कार्ड भी बरामद हुआ।

    कानूनी कार्रवाई
    बाद में आरोपी को GRP गया के हवाले कर दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध Case No. 185/26 धारा 318(4), 319(2), 204, 336(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।

  • गया जंक्शन पर जनसंपर्क क्रांति एक्सप्रेस से फर्जी टीटीई के शक में युवक हिरासत में, RPF-GRP कर रही जांच

    गया जंक्शन पर जनसंपर्क क्रांति एक्सप्रेस से फर्जी टीटीई के शक में युवक हिरासत में, RPF-GRP कर रही जांच

    देवब्रत मंडल

    गया: गया रेलवे स्टेशन पर ठहरी जनसंपर्क क्रांति एक्सप्रेस से फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों से वसूली के शक में RPF और GRP की संयुक्त टीम ने एक युवक को हिरासत में लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान RPF और GRP को सूचना मिली कि एक युवक टीटीई के रूप में संदिग्ध तरीके से ट्रेन में घूम रहा है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे ट्रेन से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। RPF इंस्पेक्टर बनारसी यादव और रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार के संयुक्त नेतृत्व में युवक से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान की जा रही है और उसके पास मिले दस्तावेजों व अन्य तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। सूत्रोंकी मानें तो युवक पटना जिले के मसौढ़ी का रहनेवाला है लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह वास्तव में फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों से वसूली कर रहा था या किसी अन्य कारण से ट्रेन में मौजूद था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि जांच में फर्जी पहचान या धोखाधड़ी के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल RPF और GRP पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन में जुटी हुई है।

  • जगन्नाथ यात्रा के कारण कल शाम 3 बजे से विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी, यात्रा समाप्ति पर बहाल होगी

    जगन्नाथ यात्रा के कारण कल शाम 3 बजे से विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी, यात्रा समाप्ति पर बहाल होगी

    देवब्रत मंडल

    गया: जगन्नाथ यात्रा के उपलक्ष्य में कल दिनांक 16.07.2026, गुरुवार को शहर के कुछ मार्गों पर विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता के अनुसार दोपहर बात 3:00 बजे से यात्रा समाप्ति तक बिजली कटौती की जाएगी। यात्रा संपन्न होने के पश्चात विद्युत आपूर्ति यथावत चालू कर दी जाएगी। उन्होंने आमजनों से सहयोग की अपील की है और असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। लोगों से अनुरोध है कि वे आवश्यक तैयारी पहले से कर लें।

  • गया में आरपीएफ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, आगरा कैंट घटना की निंदा, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग

    गया में आरपीएफ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, आगरा कैंट घटना की निंदा, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग

    देवब्रत मंडल

    12 जुलाई 2026 को आगरा कैंट स्टेशन पर उप स्टेशन अधीक्षक(Dy SS) एवं रेलवे सुरक्षा बल(RPF) के साथ हुई मारपीट एवं अमानवीय व्यवहार के विरोध स्वरूप संपूर्ण भारतवर्ष में ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन एवं महामंत्री ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन हाजीपुर के निर्देशानुसार यूनियन के सभी ब्रांच स्तर पर विरोध प्रदर्शन आरपीएफ के खिलाफ किया गया। गया जंक्शन स्थित डिप्टी एसएस ऑफिस के सामने रेलवे के महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में जाने,जाने वाले स्टेशन अधीक्षक ,स्टेशन मास्टर एवं पॉइंट्स मैन के साथ-साथ अन्य रेलवे के विभागों से उपस्थित कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन में भाग लेकर एक स्वर से आगरा कैंट स्टेशन पर घटित घटना की निंदा किया तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी घटना नहीं हो। आगरा कैंट की घटना ने आम जनमानस के मस्तिष्क पर भी गहरी छाप छोड़ी है रेलवे का अनुशासन तार -तार हुआ है रेलवे की छवि काफी खराब हुई है संपूर्ण भारतवर्ष में रेलवे को वाणिज्यिक तथा सामाजिक दोनों स्तरों से जोड़कर देखा जाता है। 12 जुलाई 26को ऑन ड्यूटी डिप्टी एसएस ने एक महिला की जान बचाने के लिए जो चलती ट्रेन में चढ़ने के लिए प्रयासरत थी ट्रेन मैनेजर को वॉकी टॉकी से बोलकर तथा ट्रेन मैनेजर द्वारा प्रेशर लगवा कर रुकवाया था जिसे आरपीएफ के जवानों ने चेन पुलिंग का केस बनाकर पीड़ित महिला यात्री से ₹1000 की वसूली कर ली जिसका विरोध डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट ने किया और जवानों को समझाया की ट्रेन मैंने रूकवाई थी विधिवत एवं संरक्षित तरीके से ,फिर भी उक्त जवानों द्वारा महिला को जो ट्रेन रुकने पर चढ़ गई थी जिनका वक्त ट्रेन में बर्थ और सामान था वह मिठाई लेने उतरी थी, ट्रेन से उतरवाया गया एवं वसूली के रूप में ₹1000 लिया गया जिसका रसीद भी नहीं दिया गया। इसी विरोध के परिणाम स्वरूप डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट आगरा कैंट को धक्का मुखी करते हुए चार- पांच आरपीएफ के जवान एवं 2 ASI(अधिकारियों) द्वारा प्लेटफार्म पर घसीटते हुए आरपीएफ पोस्ट लाया गया जहां उनके साथ बदसुलूकी एवं मारपीट की गई ल। जिसका उपस्थित यात्रियों द्वारा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। जिससे रेल की छवि काफी खराब हुई और पब्लिक के नजर में सुरक्षा के रखवाले पर से भरोसा समाप्त हो गया। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन तथा ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन ने पत्र प्रेषित कर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं रेल मंत्री को इस घटना से अवगत कराया तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की मांग रखी जिससे रेलवे की साख बची रहे एवं पब्लिक में भरोसा कायम रहे।
    इस अवसर पर गया स्टेशन मैनेजर विनोद कुमार सिंह ,ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन हाजीपुर के केंद्रीय कोषाध्यक्ष सह ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन कार्यकारिणी सदस्य कामरेड मिथिलेश कुमार ,गया शाखा अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद, शाखा सचिव मुकेश सिंह, संगठन मंत्री रविराज ,शाखा पार्षद नित्यानंद कुमार ,धनंजय कुमार ,राजीव कुमार अवस्थी, केंद्रीय परिषद सदस्य अजय कुमार सिंह, स्टेशन अधीक्षक एम ए खान, आरपी पासवान, बीबी पांडे यातायात निरीक्षक, राजीव कुमार इंचार्ज आर आर आई, योगेश कुमार सिंहा स्टेशन अधीक्षक जपला ,संतोष चौरसिया अमित कुमार सिंह ,स्टेशन अधीक्षक एसके सिन्हा, आईबी मिश्रा, विशाल अग्निहोत्री, प्रिंस कुमार मंडल सचिव ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन डीडीयू ,स्टेशन अधीक्षक संजीत कुमार, धीरज विजेता, संजय कुमार ,विजय कुमार डिप्टी SS गया यार्ड ,अमित तिवारी, जयप्रकाश मेहता, के के सिंहा, रणविजय कुमार मुख्य गाड़ी लिपिक ,अंशु कुमार पॉइंट्स मैन गया, यूथ सेक्रेटरी ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन गया राकेश कुमार के अलावे बहुत सारे विभागीय रेल कर्मचारी उपस्थित थे। यह जानकारी उत्तम कुमार मीडिया प्रभारी ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन शाखा गया ने दी है

  • बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस हादसा टला मामला: रेल पटरी पर CST-9 प्लेट रखने के केस में आरोपी गिरफ्तार, RPF का बड़ा खुलासा

    बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस हादसा टला मामला: रेल पटरी पर CST-9 प्लेट रखने के केस में आरोपी गिरफ्तार, RPF का बड़ा खुलासा

    देवब्रत मंडल

    File photo

    गया। पिछले महीने गया-पटना रेलखंड पर बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस के आगे रेलवे ट्रैक पर लोहे का सीएसटी-9 प्लेट मिलने से संभावित रेल हादसा टलने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

    आरपीएफ पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव ने बताया कि 26 जून 2026 की रात गया स्टेशन के समीप किलोमीटर संख्या 91/16 पर डाउन लाइन की बाईं रेल पटरी पर एक सीएसटी-9 प्लेट पड़ी मिली थी। ट्रेन संख्या 15138 डाउन बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस के लोको पायलट की सतर्कता और आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से प्लेट को ट्रैक से हटाया गया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य किया गया। इस घटना के कारण बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस लगभग 11 मिनट तक प्रभावित रही।

    अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ था मामला

    घटना के बाद आरपीएफ पोस्ट गया में अज्ञात के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 153 एवं 174-बी के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच उप निरीक्षक इंदर कुमार को सौंपी गई।

    चोरी करते पकड़ा गया, पूछताछ में किया खुलासा

    जांच के दौरान आरपीएफ ने आकाश कुमार उर्फ नाटो (18 वर्ष), पिता बिरजू माझी, निवासी अंदर बैरागी, थाना डेल्हा, जिला गया को रेलवे का सीएसटी-9 प्लेट चोरी करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 26 जून की रात भी वह रेलवे यार्ड से सीएसटी-9 प्लेट चोरी कर ले जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन आते देख वह घबरा गया और चोरी किया हुआ प्लेट रेल पटरी पर छोड़कर फरार हो गया था।

    आरपीएफ के अनुसार आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान, अपराध के समान तरीके (मोडस ऑपरेंडी) तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसे इस मामले में भी नामजद करते हुए गिरफ्तार किया गया।

    न्यायिक हिरासत में भेजा गया

    गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर मामले में रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 भी जोड़ दी गई है।

    चालक की सतर्कता से टला था बड़ा हादसा

    गौरतलब है कि 26 जून की रात बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस के सामने रेल पटरी पर सीएसटी-9 प्लेट मिलने से बड़ा रेल हादसा हो सकता था। हालांकि लोको पायलट की सतर्कता और आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से समय रहते प्लेट हटाकर ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया था। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस घटना के पीछे की वजह भी स्पष्ट हो गई है कि यह किसी बड़ी साजिश नहीं, बल्कि रेलवे सामग्री की चोरी के दौरान हुई लापरवाही का परिणाम था।

  • बागेश्वरी गुमटी आरओबी: पिलर निर्माण के लिए शुरू हुई खुदाई, रेल प्रशासन ने किया निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने पर मंथन

    बागेश्वरी गुमटी आरओबी: पिलर निर्माण के लिए शुरू हुई खुदाई, रेल प्रशासन ने किया निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने पर मंथन

    देवब्रत मंडल


    गया। शहर की बहुप्रतीक्षित बागेश्वरी रेलवे गुमटी आरओबी (रेल ओवरब्रिज) परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ने लगी है। पुल निर्माण के लिए पिलर की नींव तैयार करने हेतु बागेश्वरी रोड पर गड्ढे खोदने का कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं रेलवे फाटक से पहले बैरिकेडिंग कर दी गई है, जिससे अब इस मार्ग से केवल दोपहिया वाहन और पैदल लोगों का ही आवागमन संभव हो सकेगा।
    बुधवार को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता आकाशदीप, कनीय अभियंता दिनेश कुमार, प्राण ज्योति तथा प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी कार्यस्थल पर मौजूद रहे और निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

    रेल अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण


    निर्माण कार्य शुरू होने की सूचना मिलने पर गया जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक बिनोद कुमार एवं स्टेशन प्रबंधक मिथलेश कुमार के संयुक्त नेतृत्व में परिचालन निरीक्षकों की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पुल निर्माण निगम के अभियंता दिनेश कुमार के साथ परियोजना के विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की।
    निरीक्षण के दौरान बताया गया कि फिलहाल रेलवे की भूमि पर पिलर निर्माण की अनुमति प्राप्त नहीं हुई है। रेलवे भूमि पर पिलर निर्माण शुरू होने के साथ ही यहां एक फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे बागेश्वरी, पावरगंज और स्टेशन रोड के बीच पैदल यात्रियों का आवागमन सुरक्षित एवं सुगम हो सकेगा।

    लोको कॉलोनी मार्ग से अतिक्रमण हटाने की तैयारी


    निरीक्षण के दौरान स्टेशन प्रबंधक ने 71/ए रेल समपार फाटक से सटे लोको कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण पाया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित विभागों के साथ-साथ सदर एसडीएम को भी पत्र भेजा जाएगा, ताकि अतिक्रमण हटाकर मार्ग को अवरोधमुक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि लोको कॉलोनी में रहने वाले रेलकर्मियों की तबीयत खराब होने जैसी आपात स्थिति में एम्बुलेंस बिना किसी बाधा के पहुंच सके, इसके लिए सड़क का खुला रहना आवश्यक है। निरीक्षण टीम ने लोको कॉलोनी का भी जायजा लिया और रेलकर्मियों की आवाजाही से जुड़ी समस्याओं का आकलन किया।

    भूमि अधिग्रहण में देरी बनी चुनौती


    दूसरी ओर निर्माण एजेंसी बसंत कंस्ट्रक्शन के अभियंताओं और कर्मियों को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में देरी के कारण कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रभावित परिवारों का कहना है कि उन्हें पुल निर्माण कार्य से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन समय पर मुआवजा मिलना जरूरी है, ताकि वे विस्थापन से पहले अपने रहने और रोजगार की वैकल्पिक व्यवस्था कर सकें।
    स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि भूमि अधिग्रहण और मुआवजा प्रक्रिया जल्द पूरी होने के बाद बहुप्रतीक्षित आरओबी का निर्माण और तेज गति से आगे बढ़ेगा, जिससे वर्षों पुरानी रेल फाटक जाम की समस्या का स्थायी समाधान मिल सकेगा।

  • IRCTC का नया बीटा पोर्टल आज से लॉन्च, ट्रेन टिकट बुकिंग होगी पहले से ज्यादा तेज और आसान

    IRCTC का नया बीटा पोर्टल आज से लॉन्च, ट्रेन टिकट बुकिंग होगी पहले से ज्यादा तेज और आसान

    न्यूज़ डेस्क


    भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बेहतर ऑनलाइन टिकट बुकिंग अनुभव देने के लिए आज IRCTC पोर्टल का नया बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, नए पोर्टल का उद्देश्य तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान होने वाली सर्वर क्रैश, पेमेंट फेल और धीमी स्पीड जैसी समस्याओं को काफी हद तक खत्म करना है।
    नए पोर्टल में यूजर इंटरफेस को पहले से अधिक सरल और तेज बनाया गया है। रेलवे का दावा है कि इससे टिकट बुकिंग प्रक्रिया आसान होगी और यात्रियों का समय भी बचेगा।

    नए पोर्टल के 4 बड़े बदलाव


    1. CAPTCHA और विज्ञापनों से राहत अब टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार CAPTCHA भरने और अनावश्यक पॉप-अप विज्ञापनों की परेशानी नहीं होगी। साफ-सुथरा इंटरफेस वेबसाइट को तेज और उपयोग में आसान बनाएगा।
    2. एक ही स्क्रीन पर सभी क्लास की सीटें यात्रियों को अब अलग-अलग क्लास चुनकर सीट उपलब्धता देखने की जरूरत नहीं होगी। सभी श्रेणियों की सीटों की जानकारी एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी।
    3. सुपरफास्ट टिकट बुकिंग रेलवे के अनुसार, नई प्रणाली में टिकट बुकिंग क्षमता 32 हजार से बढ़ाकर 1.5 लाख टिकट प्रति मिनट कर दी गई है। वहीं, PNR और ट्रेन पूछताछ की क्षमता भी 4 लाख से बढ़ाकर 40 लाख प्रति मिनट तक पहुंचाई गई है। पैसेंजर डिटेल्स सेव रहने और कम स्टेप्स के कारण बुकिंग पहले से अधिक तेज होगी।
    4. तत्काल टिकट में बॉट्स पर सख्ती तत्काल टिकटों की अवैध ऑटोमैटिक बुकिंग रोकने के लिए नए एंटी-बॉट सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं। इससे आम यात्रियों को तत्काल टिकट मिलने की संभावना बढ़ने की उम्मीद है।

    मिलेंगी कई आधुनिक सुविधाएं


    नए सिस्टम में AI आधारित वेटिंग टिकट कन्फर्मेशन प्रेडिक्शन, फेयर कैलेंडर, कई भारतीय भाषाओं का सपोर्ट और RailOne ऐप के माध्यम से भी ये सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

    रेलवे का बड़ा तकनीकी बदलाव


    यह अपग्रेड भारतीय रेलवे के करीब 40 साल पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) को आधुनिक क्लाउड आधारित तकनीक में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। रेलवे का कहना है कि इससे ऑनलाइन टिकट बुकिंग अधिक तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद बनेगी।

  • बात पुरानी पर कारनामा जारी, पटना-गया रेल सेक्शन में अवैध वसूली का आरोप, RPF स्टाफ और वेंडर ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग

    बात पुरानी पर कारनामा जारी, पटना-गया रेल सेक्शन में अवैध वसूली का आरोप, RPF स्टाफ और वेंडर ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग

    देवब्रत मंडल

    File photo

    गया/दानापुर: पटना-गया रेल सेक्शन में RPF स्टाफ और अवैध वेंडर ठेकेदारों द्वारा अवैध वसूली और मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए एक ठेकेदार ने वरिष्ठ अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।

    क्या है मामला


    साहू इंटरप्राइजेज के नाम से शिकायत में कहा गया है कि पटना-गया TSV सेक्शन में मिसलेनियम आईटम सप्लाई का ठेका उनके पास है। आरोप है कि इस सेक्शन में कुछ लोग RPF स्टाफ के साथ मिलकर लाइसेंसी कर्मचारियों से अवैध वसूली कर रहे हैं।

    शिकायत में 4 अवैध वेंडर ठेकेदारों का नाम लिया गया है:

    1. बबलू यादव – पुनपुन स्टेशन
    2. मनोज कुमार – मसौढ़ी स्टेशन
    3. मिथुन कुमार – जहानाबाद स्टेशन
    4. कालका यादव – सरगना बताया गया है

    साथ ही गया रेलवे के 2 RPF स्टाफ का नाम भी लिया गया है:

    1. आलोक सक्सेना
    2. संतोष सिंह

    आरोप: वर्दी का रोब दिखाकर मारपीट


    शिकायतकर्ता का कहना है कि वसूली नहीं देने पर RPF स्टाफ और ठेकेदारों द्वारा कर्मचारियों के साथ मारपीट की जाती है। ठेका अनुबंध और सामग्री लिस्ट के दस्तावेज दिखाने के बावजूद RPF स्टाफ उन्हें मानने से इनकार कर देते हैं।

    आरोप है कि RPF स्टाफ को “वर्दी का रोब” है और उन्हें किसी का डर नहीं है। इसी कारण उनके कर्मचारी काम छोड़ रहे हैं जिससे आर्थिक हानि हो रही है।

    बार-बार शिकायत, कार्रवाई नहीं


    शिकायत में कहा गया है कि इस संबंध में पहले भी सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

    क्या मांग की गई


    शिकायतकर्ता ने वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, दानापुर और माननीय महानिरीक्षक, RPF से अनुरोध किया है कि मामले की जांच कर दोषी RPF स्टाफ और वेंडर ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

    शिकायत पुरानी पर बात आज भी वही है

    रेलवे सूत्रों की मानें तो यह शिकायत कुछ महीने पहले की गई थी लेकिन बात आज भी वही है। पिछले दिनों भी एक महिला वेंडर ने इसी तरह की शिकायत की थीं। जिसकी जांच स्थानीय स्तर पर आरपीएफ के अधिकारी ने की। चर्चा है कि मामले में ‘सेटलमेंट’ हो गया और बात वहीं रह गई। इस नए प्रकरण में एक और जवान का नाम शामिल होने की बात बताई गई थी लेकिन अब यह मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।

  • आगरा कैंट विवाद की गूंज गया तक, स्टेशन मास्टरों ने 15 जुलाई को आमसभा का किया आह्वान

    आगरा कैंट विवाद की गूंज गया तक, स्टेशन मास्टरों ने 15 जुलाई को आमसभा का किया आह्वान

    देवब्रत मंडल

    गया: आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर डिप्टी स्टेशन अधीक्षक (डिप्टी एसएस) और आरपीएफ के बीच हुए विवाद के विरोध की गूंज अब गया जंक्शन तक पहुंच गई है। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरकेयू), गया शाखा ने इस घटना के विरोध में 15 जुलाई को स्टेशन परिसर में आमसभा आयोजित कर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने का निर्णय लिया है।
    यूनियन की ओर से स्टेशन अधीक्षक, गया को दिए गए पत्र के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को शाम 4:30 बजे गया स्टेशन स्थित डिप्टी एसएस कार्यालय के पास आमसभा होगी। इसमें आगरा कैंट स्टेशन पर डिप्टी एसएस के साथ हुई घटना के विरोध में रेलवे कर्मचारियों द्वारा गेट मीटिंग एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा।
    यूनियन के शाखा सचिव के हस्ताक्षर से जारी पत्र में कहा गया है कि यह कार्यक्रम ऑल इंडिया रेलवेमेन फेडरेशन (AIRF) के आह्वान पर आयोजित किया जा रहा है। कर्मचारियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी “चट्टानी एकता” प्रदर्शित करने की अपील की गई है।
    यूनियन ने रेलवे प्रशासन को सूचित किया है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और इससे रेल परिचालन प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
    इस आमसभा को लेकर गया रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टरों और अन्य परिचालन कर्मचारियों में भी हलचल देखी जा रही है। माना जा रहा है कि आगरा कैंट की घटना को लेकर रेलवे कर्मचारियों में व्यापक नाराजगी है, जिसके चलते देश के विभिन्न स्टेशनों पर विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।