Blog

  • IRCTC का फर्जी फूड वेबसाइटों पर बड़ा एक्शन: 14 अवैध पोर्टल बंद, FIR दर्ज, यात्रियों को चेतावनी जारी

    IRCTC का फर्जी फूड वेबसाइटों पर बड़ा एक्शन: 14 अवैध पोर्टल बंद, FIR दर्ज, यात्रियों को चेतावनी जारी

    railrestro, travelkhana, railmitra समेत कई वेबसाइटों पर क्रिमिनल केस, IRCTC बोला- सिर्फ ‘Food on Track’ से करें ऑर्डर

    मगध लाइव, डेस्क

    भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम IRCTC ने ट्रेनों में अवैध ई-कैटरिंग का धंधा करने वालों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू की है। IRCTC ने 14 फर्जी वेबसाइटों और ऐप्स को बंद कराते हुए उनके संचालकों पर कानूनी और आपराधिक मुकदमे दर्ज कराए हैं।

    किन वेबसाइटों पर हुई कार्रवाई


    IRCTC ने जिन अनधिकृत ऑपरेटरों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई शुरू की है, उनमें शामिल हैं:

    • http://railrestro.com, http://railrestro.in
    • http://railmitra.com, http://travelkhana.com
    • http://trainscafe.com, http://dibrail.com
    • http://railfood.net, http://comesum.com
    • http://travelerfood.com, http://foodontrack.in
    • http://ecatering.app, http://khanaonline.in
    • http://trainway.in, http://railmeal.com, http://trainmenu.com

    इन सभी पर 18 फरवरी 2026 को लीगल नोटिस भेजा गया। इसके बाद 16 मार्च और 11 अप्रैल 2026 को आपराधिक शिकायतें दर्ज कराई गईं।

    क्यों खतरनाक हैं ये फर्जी पोर्टल


    IRCTC के अनुसार इन अवैध वेबसाइटों से जुड़े 2 बड़े खतरे हैं:

    1. सेहत के साथ खिलवाड़:
    ये कंपनियां FSSAI के हाइजीन नियमों को नहीं मानतीं। गंदे किचन में खाना बनता है। डिलीवरी स्टाफ और कुक का मेडिकल टेस्ट भी नहीं होता।

    2. साइबर फ्रॉड का खतरा:
    ये पोर्टल PNR, मोबाइल नंबर, ईमेल और कार्ड/UPI डिटेल मांगते हैं। इससे फिशिंग स्कैम और पैसा चोरी का खतरा रहता है। खाना कैंसिल होने या न मिलने पर कस्टमर सपोर्ट भी नहीं मिलता।

    कहां से मंगाएं खाना: IRCTC की सलाह
    IRCTC ने यात्रियों से अपील की है कि खाना सिर्फ इन आधिकारिक माध्यमों से ही बुक करें:

    1. वेबसाइट: https://www.ecatering.irctc.co.in
    2. ऐप: Food on Track, Android और iOS पर उपलब्ध
    3. कॉल सेंटर: 1323 पर कॉल करके
    4. अधिकृत पार्टनर: Zomato, Swiggy और IRCTC की वेबसाइट पर लिस्टेड वेंडर

    IRCTC ने साफ किया कि ई-कैटरिंग में मेन्यू और रेट रेस्टोरेंट पार्टनर तय करते हैं। यात्री PNR डालकर अपनी सीट पर खाना मंगवा सकते हैं। रियल टाइम ट्रैकिंग और कस्टमर सपोर्ट भी मिलता है।

    IRCTC का बयान:
    “यात्रियों की सेहत, डेटा प्राइवेसी और सेवा की गुणवत्ता हमारी प्राथमिकता है। जो भी पोर्टल IRCTC का नाम गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहा है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”


    बॉक्स: कैसे पहचानें फर्जी वेबसाइट

    1. URL चेक करें – सिर्फ http://ecatering.irctc.co.in ही आधिकारिक है
    2. पेमेंट से पहले IRCTC का लोगो और अधिकृत पार्टनर लिस्ट वेरिफाई करें
    3. बहुत सस्ता ऑफर दिखे तो सतर्क हो जाएं
    4. शिकायत के लिए 139 पर कॉल करें
  • गया जंक्शन पर तत्काल टिकट में ‘सेटिंग’ का आरोप: लिस्ट में GRP/Gaya का नाम घुसाने का वीडियो वायरल, पर्यवेक्षक ने कैमरा रोकने की कोशिश की

    गया जंक्शन पर तत्काल टिकट में ‘सेटिंग’ का आरोप: लिस्ट में GRP/Gaya का नाम घुसाने का वीडियो वायरल, पर्यवेक्षक ने कैमरा रोकने की कोशिश की

    देवब्रत मंडल

    वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉर्ट

    गया, 10 जून 2026

    पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल के गया रेलवे स्टेशन से तत्काल टिकट बुकिंग में धांधली का आरोप लगाता एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो के स्क्रीनशॉट में दावा किया जा रहा है कि आरक्षण लिस्ट में आम यात्रियों के बीच ‘GRP/Gaya’ का नाम जबरन एडजस्ट किया गया है।

    इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल


    INH 24×7 पर पोस्ट हुए इस वीडियो में तत्काल टिकट की हाथ से बनी लिस्ट दिख रही है। तारीख 7.6.2026 अंकित है।

    • क्रम संख्या 2: Jyoti Kumari
    • बीच में लिखा: GRP/Gaya
    • क्रम संख्या 3: Nikhil Kumar

    आरोप है कि वेटिंग लिस्ट में चल रहे यात्रियों को दरकिनार कर GRP को प्राथमिकता दी गई।

    वीडियो बनाने पर रोका


    वायरल दावे के अनुसार जब एक यात्री ने इस गड़बड़ी का वीडियो बनाना शुरू किया तो वहां मौजूद आरक्षण पर्यवेक्षक ने हाथ से मोबाइल पकड़कर उसे रोकने की कोशिश की। वीडियो में पर्यवेक्षक का हाथ कैमरे की तरफ बढ़ता दिख रहा है।

    तीन बड़े सवाल

    1. कोटा या सेटिंग?  रेलवे में GRP/RPF के लिए कोटा होता है, लेकिन वो पहले से तय होता है। तत्काल लिस्ट बनने के बाद बीच में नाम जोड़ना नियम के खिलाफ है।
    2. पारदर्शिता कहां? तत्काल में एक-एक सीट के लिए मारामारी होती है। ऐसे में बीच में नाम डालना सिस्टम पर सवाल खड़े करता है।
    3. वीडियो क्यों रोका? रेलवे स्टेशन सार्वजनिक जगह है। अनियमितता दिखे तो वीडियो बनाना यात्री का अधिकार है। कर्मचारी द्वारा रोकना संदेह पैदा करता है।

    रेलवे का पक्ष अभी बाकी
    फिलहाल ECR या गया रेल मंडल की तरफ से इस वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। GRP गया ने भी अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं की है।

    पहले भी लग चुके हैं आरोप
    गया जंक्शन पर तत्काल टिकट को लेकर दलालों की सक्रियता की खबरें पहले भी आती रही हैं। यात्रियों का आरोप है कि सुबह 10 बजे काउंटर खुलते ही सारी सीटें ‘फुल’ दिखने लगती हैं।

    क्या कहते हैं नियम


    रेलवे बोर्ड के नियमानुसार तत्काल बुकिंग में किसी भी तरह का मैनुअल इंटरफेरेंस प्रतिबंधित है। आपातकालीन कोटा DRM स्तर से ही जारी होता है, वो भी लिखित आदेश पर।

    यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल स्क्रीनशॉट और यात्रियों के दावों पर आधारित है। Magadh Live इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। रेलवे का आधिकारिक पक्ष आने के बाद खबर को अपडेट किया जाएगा।

  • RPF में इंस्पेक्टरों का बड़ा फेरबदल: 19 अधिकारियों का तबादला, दानापुर-धनबाद डिवीजन में सबसे ज्यादा बदलाव

    RPF में इंस्पेक्टरों का बड़ा फेरबदल: 19 अधिकारियों का तबादला, दानापुर-धनबाद डिवीजन में सबसे ज्यादा बदलाव

    देवब्रत मंडल

    गया/पटना, 9 जून 2026

    पूर्व मध्य रेलवे (ECR) में इंस्पेक्टर कैडर स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। रेलवे द्वारा 9 जून 2026 को जारी एक आदेश के अनुसार कुल 19 इंस्पेक्टरों का तबादला किया गया है।

    क्या है आदेश में


    जारी आदेश के अनुसार सभी इंस्पेक्टर Pay Level-7 के हैं। यह आदेश पूर्व मध्य रेल के विभिन्न डिवीजनों – दानापुर, धनबाद, सोनपुर, समस्तीपुर और पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में लागू होगा।

    प्रमुख तबादले:

    1. चंदन पासवान: समस्तीपुर सिक्योरिटी सेल से फतुहा, दानापुर डिवीजन
    2. प्रेम सागर दुबे: नॉन फैकल्टी यूनिट दानापुर से TC मोकामा, दानापुर
    3. राकेश कुमार: आउटडोर दानापुर से सिक्योरिटी कंट्रोल रूम दानापुर
    4. रंजीत रंजन सहाय: धनबाद तोरी से झाझा, दानापुर डिवीजन
    5. साकेत कुमार: सोनपुर हाजीपुर से पटना, दानापुर डिवीजन
    6. संजीव कुमार: सासाराम से दानापुर RPF पोस्ट हरनौत
    7. राजेश कुमार मीणा: जपला से धनबाद बरवाडीह
    8. विमल कुमार: दानापुर से धनबाद गोमो – प्रमोशन पर
    9. विनोद कुमार विश्वकर्मा: फतुहा से धनबाद तोरी
    10. राज किशोर कछवाहा: नबीनगर से डेहरी ऑन सोन
    11. राकेश रंजन: बरवाडीह से सासाराम
    12. कामता विलास राम: डेहरी ऑन सोन से नबीनगर
    13. संतोष कुमार झा: गोमो से जपला
    14. सिम्पी कुमारी: सिक्योरिटी कंट्रोल रूम दानापुर से मुगलसराय स्टोर
    15. अनिता कुमारी: झाझा से मुगलसराय
    16. ब्रजेश कुमार: मुगलसराय स्टोर से समस्तीपुर पैसेंजर सिक्योरिटी सेल
    17. कमाता नाथ सिंह: RPF पोस्ट हरनौत से समस्तीपुर एनालिटिक्स एंड डेटा मैनेजमेंट सेल
    18. प्रदीप कुमार रावत: मुगलसराय से सोनपुर हाजीपुर
    19. रमेश कुमार: समस्तीपुर बापूधाम मोतिहारी से सोनपुर

    कहां सबसे ज्यादा बदलाव


    सूची के अनुसार दानापुर और धनबाद डिवीजन में सबसे ज्यादा इंस्पेक्टर बदले गए हैं। सोनपुर और समस्तीपुर डिवीजन में भी कई अहम पदों पर नई तैनाती की गई है। विमल कुमार का तबादला प्रमोशन पर धनबाद गोमो किया गया है।

    प्रशासनिक कारण


    रेलवे सूत्रों के अनुसार यह रूटीन तबादला प्रक्रिया का हिस्सा है। लंबे समय से एक जगह जमे अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है ताकि सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर हो सके।

  • गया में फिर पकड़ी गई शराब की बड़ी खेप, 7740 बोतल जब्त, गया का तस्कर गिरफ्तार, थमने का नाम नहीं ले रहा तस्करी

    गया में फिर पकड़ी गई शराब की बड़ी खेप, 7740 बोतल जब्त, गया का तस्कर गिरफ्तार, थमने का नाम नहीं ले रहा तस्करी

    12 चक्का ट्रक से लाई जा रही थी 7740 बोतल शराब, बाराचट्टी थाना क्षेत्र में छापेमारी

    जब्त ट्रक, शराब के साथ गिरफ्तार तस्कर व टीम

    देवब्रत मंडल| गया
    9 जून 2026

    बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद से ही अन्य राज्यों से गया में शराब की तस्करी लगातार जारी है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डोभी चेकपोस्ट पर एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है।

    जानें क्या है पूरा मामला

    सहायक आयुक्त उत्पाद, गया प्रिय रंजन के अनुसार, टाटा कंपनी के 12 चक्का ट्रक, रजिस्ट्रेशन नंबर BR-01GP-4142 से अवैध विदेशी शराब का परिवहन किया जा रहा था। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए समेकित जांच चौकी डोभी, थाना बाराचट्टी, जिला गया में वाहन को रोका गया। जांच के दौरान ट्रक से शराब बरामद हुई और एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार किया गया।

    गिरफ्तार आरोपी की पहचान

    गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान ललन कुमार, उम्र करीब 23 वर्ष, पिता लखन यादव, निवासी पिन्डरा खुर्द, थाना बहेरा, जिला गया के रूप में हुई है।

    कितनी शराब जब्त

    जब्त की गई अवैध विदेशी शराब की कुल मात्रा 1732.140 लीटर है। बोतलों की संख्या 7740 बताई गई है।

    आगे की कार्रवाई

    सहायक आयुक्त प्रिय रंजन ने बताया कि अनुसंधान के बाद आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र समर्पित किया जाएगा। शराबबंदी कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में पदाधिकारी रामप्रीति कुमार, दिलीप कुमार ऋषि, हलेन्द्र कुमार, विजय कुमार, बंटी यादव के साथ मद्यनिषेध सिपाही, सैप बल एवं गृहरक्षक जवान शामिल थे।

    स्मरण रहे कि कभी बंद नहीं हुई तस्करी

    बिहार में 5 अप्रैल 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसके बाद से झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल जैसे पड़ोसी राज्यों से गया में शराब की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। डोभी चेकपोस्ट NH-2 पर होने के कारण तस्करों का मुख्य रूट बना हुआ है। पुलिस और उत्पाद विभाग लगातार वाहनों की जांच कर कार्रवाई कर रहा है।

  • एएनएमएमसीएच में एमबीबीएस छात्रों की हड़ताल तेज, इमरजेंसी और ओपीडी सेवा प्रभावित, प्रशासन ने जारी किया आदेश

    एएनएमएमसीएच में एमबीबीएस छात्रों की हड़ताल तेज, इमरजेंसी और ओपीडी सेवा प्रभावित, प्रशासन ने जारी किया आदेश

    देवब्रत मंडल


    गया, 9 जून। अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएनएमएमसीएच) में एमबीबीएस छात्रों का आंदोलन मंगलवार को और तेज हो गया। छात्रों द्वारा अस्पताल परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार, इमरजेंसी एवं ओपीडी काउंटर पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किए जाने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


    छात्रों ने अस्पताल परिसर में पोस्टर लगाकर अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन जारी रखा। पोस्टर में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि कॉलेज और अस्पताल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर वे लंबे समय से आवाज उठा रहे हैं।
    इस बीच मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने एक आदेश जारी कर छात्रों की कार्रवाई को गंभीरता से लिया है। आदेश में कहा गया है कि 7 जून को प्राचार्य एवं अधीक्षक के समक्ष छात्रों ने आश्वासन दिया था कि संस्थान स्तर की मांगें स्वीकार होने के बाद वे हड़ताल नहीं करेंगे तथा इमरजेंसी, ओपीडी एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित नहीं करेंगे। प्रशासन के अनुसार संस्थान स्तर की मांगों पर कार्रवाई की जा चुकी है और शेष मांगों को स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार के समक्ष भेज दिया गया है।


    इसके बावजूद 2022, 2023, 2024 और 2025 बैच के एमबीबीएस छात्रों द्वारा बिना किसी पूर्व लिखित सूचना के इमरजेंसी और ओपीडी सेवाएं बाधित कर दी गईं। आदेश में इसे जनहित के विपरीत बताते हुए कहा गया है कि इससे मरीजों के उपचार कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
    कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को तत्काल इमरजेंसी, ओपीडी एवं अन्य सेवाएं बहाल करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि आदेश का पालन नहीं किया गया तो संबंधित छात्रों के विरुद्ध अनुशासनात्मक एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी आंदोलनरत छात्रों की होगी।
    उधर अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को बंद ओपीडी और बाधित सेवाओं के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अब सभी की निगाहें प्रशासन और छात्रों के बीच होने वाली अगली वार्ता पर टिकी हैं, जिससे गतिरोध समाप्त हो सके और स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य हो सकें।

  • एएनएमएमसीएच में जारी गतिरोध के बीच सरकार ने लिया बड़ा फैसला, प्राध्यापक डॉ. एपी आनंद को मिला अस्पताल अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार

    एएनएमएमसीएच में जारी गतिरोध के बीच सरकार ने लिया बड़ा फैसला, प्राध्यापक डॉ. एपी आनंद को मिला अस्पताल अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार

    देवब्रत मंडल

    गया, 9 जून 2026।

    इन दिनों मगध प्रमंडल से सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में जूनियर डॉक्टर आंदोलन पर हैं। अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे हैं। चिकित्सा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव देखने को मिल रहे हैं। इस बीच बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी करते हुए अनुग्रह नारायण मगध चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (एएनएमएमसीएच), गया के पैथोलॉजी विभाग के प्राध्यापक डॉ. आनंद प्रकाश आनंद को अस्पताल अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है।
    स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, डॉ. आनंद प्रकाश आनंद अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ अगले आदेश तक एएनएमएमसीएच अस्पताल के अधीक्षक पद का भी कार्यभार संभालेंगे। उन्हें अस्पताल के प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों के संचालन के लिए अधिकृत किया गया है।
    विभाग ने स्पष्ट किया है कि अधीक्षक के पद पर अतिरिक्त प्रभार संभालने के दौरान डॉ. आनंद प्रकाश आनंद संबंधित विभाग के विभागाध्यक्ष के प्रभार में नहीं रहेंगे। साथ ही पूर्व में जारी किसी भी विरोधाभासी आदेश को इस अधिसूचना के माध्यम से संशोधित माना जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी द्वारा जारी इस आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों एवं संस्थानों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।
    इस नियुक्ति से एएनएमएमसीएच में जारी गतिरोध पर विराम लगने की उम्मीद की जा रही है। वहीं प्रशासनिक कार्यों में गति आने तथा अस्पताल प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

  • अधिकारियों से जनता का एक सीधा सवाल- “आखिर विश्वास का सेतु कब बनेगा? कहते हैं- “अब निर्माण कार्य की शुरुआत और पूर्णता का इंतजार”

    अधिकारियों से जनता का एक सीधा सवाल- “आखिर विश्वास का सेतु कब बनेगा? कहते हैं- “अब निर्माण कार्य की शुरुआत और पूर्णता का इंतजार”

    देवब्रत मंडल


    गया शहर की यातायात समस्या के समाधान के लिए प्रस्तावित आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) परियोजनाओं की आधारशिला पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा रखी जा चुकी है। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार द्वारा भूमि पूजन किए हुए भी कई महीने बीत चुके हैं। इस बीच बिहार में नेतृत्व परिवर्तन भी हो गया, लेकिन धरातल पर काम की रफ्तार अब भी लोगों की उम्मीदों के अनुरूप दिखाई नहीं दे रही है।

    जाम की समस्या से जूझ रहे शहरवासी


    रोजाना जाम की समस्या से जूझ रहे शहरवासियों और यात्रियों को अब यह जानने की उत्सुकता है कि जिन परियोजनाओं का बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया था, उनका वास्तविक निर्माण कार्य कब शुरू होगा और कब पूरा होगा।

    जनता अब सवाल कर रही


    जनता पूछ रही है कि शिलान्यास और घोषणाओं से आगे बढ़कर आखिर वह दिन कब आएगा, जब इन आरओबी परियोजनाओं के रूप में विकास का वादा जमीन पर दिखाई देगा? अब समय आ गया है कि संबंधित विभाग स्पष्ट समय-सीमा के साथ जनता को परियोजना की वर्तमान स्थिति से अवगत कराए।

    ये सारी बातें भी हो चुकी है

    इस बीच रोड को ब्लॉक कर कार्य प्रारंभ किए जाने ने संबंधित सैद्धांतिक सहमति भी बन चुकी है। पुल के लिए कितने पिलर कहां-2 बनाए जाएंगे, इन बिंदुओं को मार्क भी कर लिया गया है। जानकारी प्राप्त हुई है कि बिजली के उपकरण एवं केबल को शिफ्ट करने के ऐजेंसी को अधिकृत किया गया है लेकिन यह भी शुरू नहीं हुआ है।

    अब न्यायालय का रुख करने की तैयारी

    सड़क के दोनों किनारों पर पेडों की कटाई छटाई के लिए वन विभाग से अनापत्ति भी प्राप्त कर लिए जाने की सूचना है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत प्रभावित लोगों से उनकी आपत्तियां भी ले ली गई है।लेकिन उनका निबटारा नहीं हो सका है। अधिग्रहित की जा रही भूधारी अब सरकारी कार्यालय से निकल कर न्यायालय की ओर रुख करने के लिए तैयारी कर चुके हैं।

    विरोध के स्वर भी मुखर हुए

    यहां जगह जगह पर विरोध सह मांग के पोस्टर बैनर भी लगा दिए गए हैं। प्रभावित लोग अपनी जमीन भी देने को तैयार हैं लेकिन अपनी हितों की रक्षा के शर्त पर। उनकी बातें विरोधी दलों के नेता सदन में रख चुके हैं लेकिन आगे क्या होगा या हो रहा है यहां के लोगों में से किसी को पता नहीं चल रहा है।

    निर्माण करने वाली कंपनी भी तैयार

    पुल निर्माण का कार्य करने वाली अधिकृत एजेंसी के इंजीनियर, सर्वेयर, प्रोजेक्ट मैनेजर आदि इस इंतजार में है कि उन्हें कार्यस्थल पर कार्य प्रारंभ करने के साइट क्लियर मिले ताकि वे कार्य शुरू कर सकें। इस कंपनी के बेस कैंप कार्यालय में निर्माण कार्य करने के लिए उपकरण व सामग्रियां भी आ चुके हैं लेकिन सभी साइट क्लियर मिल जाने के इंतजार में हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।

    अधिकारियों से लोग कर रहे सवाल

    ऐसा भी नहीं है कि पुल निर्माण निगम के अधिकारियों का साइट पर आना जाना बंद है। ये सभी नियमित रूप से आवश्यक जब समझते हैं तो निरीक्षण करने के लिए आना जाना कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों के द्वारा इन लोगों से तरह तरह के सवाल किए जा रहे हैं। कई लोग तो कहने लगे हैं कि मानसिक तनाव में जी रहे हैं, कब बनेगा यह आरओबी पता नहीं। कई लोग तो ये भी कह रहे हैं कि लगता है कि अपने जीवन काल में शायद पुल बना हुआ देखना नसीब में नहीं। कहते हैं- “अब निर्माण कार्य की शुरुआत और पूर्णता का इंतजार है।”

  • ब्रेकिंग न्यूज़: गया जंक्शन: 12321 अप हावड़ा-मुंबई मेल से उतरते वक्त महिला ट्रेन की चपेट में, दोनों हाथ कटे

    ब्रेकिंग न्यूज़: गया जंक्शन: 12321 अप हावड़ा-मुंबई मेल से उतरते वक्त महिला ट्रेन की चपेट में, दोनों हाथ कटे

    करीमगंज मोहल्ले की बताई जा रही महिला, बी-1/B-2 कोच से परिजन को छोड़कर उतर रही थी; ACP कर ट्रेन रोकी गई

    देवब्रत मंडल| गया 9 जून 2026

    गया जंक्शन पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। 12321 अप हावड़ा-मुंबई मेल से उतर रही एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला के दोनों हाथ कट गए हैं।

    कैसे हुआ हादसा


    बताया जा रहा है कि महिला करीमगंज की रहने वाली है। वह अपने परिजन को ट्रेन के बी-1 या बी-2 कोच में छोड़ने आई थी। इसी दौरान ट्रेन खुल गई। महिला रनिंग ट्रेन से रॉंग साइड उतरने लगी और फिसलकर ट्रेन की चपेट में आ गई।

    ACP कर रोकी गई ट्रेन


    हादसे के बाद ट्रेन में एसीपी यानी वैक्यूम किया गया। कुछ देर तक ट्रेन प्लेटफॉर्म पर ही खड़ी रही। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरातफरी मच गई।

    अस्पताल को सूचना नहीं


    रेलवे अस्पताल के इंडोर से मिली जानकारी के अनुसार, खबर लिखे जाने तक अस्पताल प्रशासन को इसकी कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली थी। ड्यूटी पर तैनात एक नर्सिंग स्टाफ ने भी सूचना मिलने से इनकार किया।

    निजी अस्पताल ले गए परिजन


    सूचना पर आरपीएफ मौके पर पहुंची। बताया गया कि घायल महिला के साथ पुरुष परिजन भी थे। हादसे के बाद परिजन महिला को इलाज के लिए किसी निजी अस्पताल में ले गए। महिला की उम्र 35-40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है।

    अधिकृत पुष्टि का इंतजार


    फिलहाल रेलवे या जीआरपी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

    अपील:

    magadhlive लोगों से अपील करती है कि चलती ट्रेन से न उतरें। एक गलती जान पर भारी पड़ सकती है।

  • गया में 2760 बोतल विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, पिकअप वाहन जब्त

    गया में 2760 बोतल विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, पिकअप वाहन जब्त

    देवब्रत मंडल


    गया। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद गया जिले में शराब तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस और उत्पाद विभाग लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। इसी क्रम में उत्पाद विभाग की टीम ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है तथा एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
    जिला सहायक आयुक्त उत्पाद प्रियरंजन कुमार ने बताया कि आमस थाना क्षेत्र के राज विगहा के समीप छापेमारी के दौरान पिकअप वाहन (संख्या- JH-10BB-6823) से अवैध विदेशी शराब की खेप पकड़ी गई। कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
    गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोजपुर जिले के चारपोखरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुहैला गांव निवासी 23 वर्षीय विकास कुमार, पिता जय कुमार सिंह के रूप में हुई है।
    उत्पाद विभाग के अनुसार पिकअप वाहन से कुल 1076.400 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई, जिसमें 2760 बोतलें शामिल हैं। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है तथा वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है।
    सहायक आयुक्त ने बताया कि मामले में अनुसंधान जारी है और जांच पूरी होने के बाद आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाएगा। छापेमारी अभियान में उत्पाद विभाग के कई अधिकारियों एवं सैप बल के जवान शामिल थे।
    उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में गया जिले में शराब तस्करों के खिलाफ उत्पाद विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे तस्करी के नेटवर्क पर नकेल कसने का प्रयास किया जा रहा

  • रेलवे बोर्ड के सदस्य (अवसंरचना) विवेक कुमार गुप्ता पहुंचे गया जंक्शन, विकास कार्यों की ली जानकारी

    रेलवे बोर्ड के सदस्य (अवसंरचना) विवेक कुमार गुप्ता पहुंचे गया जंक्शन, विकास कार्यों की ली जानकारी

    देवब्रत मंडल

    रेलवे बोर्ड के सदस्य के स्वागत में खड़े डीआरएम, एसएस व अन्य


    गया। भारतीय रेलवे बोर्ड के सदस्य (अवसंरचना) एवं भारत सरकार में पदेन सचिव विवेक कुमार गुप्ता रविवार को गया जंक्शन पहुंचे। उनके आगमन पर डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीणा ने रेलवे प्रोटोकॉल के तहत उनका स्वागत किया।
    जानकारी के अनुसार, श्री गुप्ता 12381 अप हावड़ा–नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस के विशेष सैलून से गया जंक्शन पहुंचे। वे हाल ही में रेलवे बोर्ड में सदस्य (अवसंरचना) का पदभार ग्रहण कर चुके हैं। इस पद पर रहते हुए वे भारतीय रेलवे में सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल तथा सिग्नलिंग से जुड़े सभी प्रमुख आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) कार्यों के नेतृत्व और निगरानी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
    रेलवे सूत्रों के अनुसार, धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उनके साथ धनबाद से गया तक आए। गया जंक्शन पहुंचने के बाद डीडीयू मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीणा उनके साथ आगे की यात्रा में शामिल हुए।
    इस दौरान गया जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक बिनोद कुमार सिंह सहित रेलवे के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
    रेलवे के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सदस्य (अवसंरचना) विवेक कुमार गुप्ता ने अपने दौरे के दौरान धनबाद तथा डीडीयू मंडल में चल रहे विभिन्न रेलवे विकास एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता तथा समयबद्ध क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
    रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी के इस दौरे को दोनों मंडलों में चल रही महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की समीक्षा तथा भविष्य की योजनाओं के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।