विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर निकाली गई जन-जागरूकता रैलीतंबाकू से हर वर्ष लाखों लोगों की मौत, युवाओं से दूर रहने की अपील

Deobarat Mandal

देवब्रत मंडल

image editor output image 1299926853 17802159410038152600289234500266 विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर निकाली गई जन-जागरूकता रैलीतंबाकू से हर वर्ष लाखों लोगों की मौत, युवाओं से दूर रहने की अपील

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) गया शाखा एवं ब्रह्मकुमारी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार की सुबह जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
रैली सुबह 6 बजे आईएमए गया शाखा परिसर से शुरू होकर सरस्वती सरोवर स्टेडियम, गांधी मैदान, जयप्रकाश उद्यान होते हुए गांधी मंडप तक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को तंबाकू और उससे जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूक किया।
आईएमए गया शाखा के अध्यक्ष डॉ. विश्व विजय सिंह ने कहा कि भारत में प्रतिवर्ष लगभग 13 लाख लोगों की मृत्यु कैंसर से होती है, जिनमें करीब 80 लाख लोग तंबाकू जनित कैंसर से प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि तंबाकू के सेवन से बड़ी संख्या में लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, इसलिए युवाओं को विशेष रूप से इससे दूर रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि तंबाकू कंपनियां आकर्षक विज्ञापनों के माध्यम से युवाओं को प्रभावित करने का प्रयास करती हैं, लेकिन युवाओं को अपने स्वास्थ्य, भविष्य और परिवार के हित में ऐसे प्रलोभनों से बचना चाहिए। डॉ. सिंह ने सरकार से भी अपील की कि भ्रामक एवं आकर्षक विज्ञापनों तथा निकोटिनयुक्त उत्पादों के उत्पादन और प्रचार-प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए, ताकि देश का भविष्य सुरक्षित रह सके।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और सशक्त भारत के निर्माण की आधारशिला हैं।
रैली में आईएमए गया शाखा के सचिव डॉ. विमलेन्दु विमल, डॉ. अशोक कुमार सिंह, डॉ. डी.के. सहाय, डॉ. उमेश कुमार वर्मा, डॉ. राकेश कुमार चंदेल, डॉ. प्रांशु कुमार, डॉ. कन्हैया कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. एम.ई. हक, जय प्रकाश नारायण हॉस्पिटल के प्रतिनिधि, ब्रह्मकुमारी संस्थान के संचालक विजय कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। गया कॉलेज एनएसएस इकाई के कार्यक्रम पदाधिकारी राजेश कुमार मिश्रा एवं अन्य स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया तथा लोगों से तंबाकू सेवन छोड़ने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *