देवब्रत मंडल

गया, 5 जून। नगर निगम गया के सामान्य शाखा द्वारा सहायक लोक स्वच्छता सह अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी शुभम कुमार को क्षेत्र में नियमित भ्रमण नहीं करने और नागरिकों की शिकायतों की अनदेखी करने के आरोप में कारण बताओ जैसी कड़ी चेतावनी जारी की गई है।
नगर निगम द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि जनप्रतिनिधियों की ओर से शिकायत मिली थी कि संबंधित अधिकारी नगर निगम क्षेत्र, विशेषकर नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण नहीं करते हैं तथा फोन कॉल का भी जवाब नहीं देते हैं। शिकायत की पुष्टि कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों से भी की गई।
क्या है निर्देश
पत्र में निर्देश दिया गया है कि संबंधित अधिकारी प्रतिदिन सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 6 बजे तक क्षेत्र में भ्रमण सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्हें हर घंटे निगम के जीएमसी ग्रुप में अपनी लोकेशन और फील्ड में ली गई सेल्फी साझा करनी होगी।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक कार्यालय में बुलाया न जाए, तब तक अधिकारी को क्षेत्र में ही रहकर कार्य करना होगा। आदेश का पालन नहीं करने की स्थिति में वेतन स्थगित करने की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
पत्र जारी होने के बाद चर्चा का माहौल
नगर आयुक्त के हस्ताक्षर से जारी इस पत्र के बाद निगम कर्मियों और अधिकारियों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि सफाई व्यवस्था और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए क्षेत्रीय निगरानी को सख्ती से लागू किया जा रहा है।
कहा-आदेश का किया जा रहा अनुपालन
इस तरह के पत्र जारी किए जाने के बावजूद संबंधित स्वच्छता पदाधिकारी की कार्यशैली में कोई बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है। हालांकि शुक्रवार की देर शाम उनके निजी मोबाइल नंबर पर बात हुई तो उन्होंने कहा कि-वे शादी की सालगिरह मनाने को लेकर अवकाश पर हैं। उन्होंने बताया कि नगर आयुक्त द्वारा जारी पत्र के अनुसार वे क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं और उनके निर्देशों का पालन भी कर रहे हैं।
सोमवार तक अवकाश पर
आगे उन्होंने बताया कि जिस मोबाइल नंबर पर उनकी बात हो रही है वो उनका निजी मोबाइल नंबर है। सरकारी मोबाइल नंबर के माध्यम से दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं और उचित प्लेटफॉर्म पर वीडियो और फोटो अपलोड किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार तक वे अवकाश पर हैं।
