देवब्रत मंडल

गया: तेज रफ्तार और लापरवाही ने फिर 2 जिंदगियों को अस्पताल पहुंचा दिया। गुरुवार शाम जय प्रकाश झरना के पास एक बेकाबू थार ने सवारी से भरे टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में टोटो पर सवार 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और घायलों को बाहर निकाला। हादसा होते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के स्टिकर लगे थार को घेरकर शीशे तोड़ दिए और गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। हंगामे के कारण कुछ देर तक जय प्रकाश झरना रोड पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को हटाया और दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा। सिटी एसडीपीओ सरोज कुमार के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
