देवब्रत मंडल

गया, 30 जुलाई 2026
धनबाद से फिरोजपुर जाने वाली 13307 अप धनबाद-फिरोजपुर गंगा-सतलुज एक्सप्रेस के एक कोच में आग लगने की सूचना से बुधवार-गुरुवार की रात गया जंक्शन पर अफरातफरी मच गई। हालांकि घटना में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
रेलवे सूत्रों के अनुसार कोच एस-5 के कपलर के पास बिजली के तार से अचानक चिंगारी उठने लगी थी। उस समय ट्रेन धनबाद रेल मंडल क्षेत्र में थी। इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल को दी गई।
गया जंक्शन पर आधे घंटे रुकी रही ट्रेन
सूचना मिलते ही गया जंक्शन अलर्ट हो गया। ट्रेन 29/30 जुलाई की रात 1:05 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची।
यहां टीएक्सआर के कर्मचारी, गाड़ी प्रदीपन विभाग के सुपरवाइजर व कर्मचारी और ऑन ड्यूटी स्टेशन उपाधीक्षक ने ट्रेन का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि बिजली के तार का लूज कनेक्शन होने के कारण चिंगारी उठी थी।
रेलवे कर्मियों ने गया जंक्शन पर ही कोच की तकनीकी खराबी को ठीक किया। इसके बाद ट्रेन रात 1:32 बजे गया जंक्शन से रवाना हुई। खराबी ठीक करने के कारण ट्रेन करीब आधे घंटे तक प्लेटफॉर्म पर रुकी रही, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि घटना को लेकर संयुक्त जांच रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेज दी गई है।
