देवब्रत मंडल

आमस थाना क्षेत्र में कार्रवाई, 528 बोतल बरामद; छापेमारी दल में एसआई समेत कई जवान शामिल
गया जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। आमस टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक Xcent कार (BR-01CA-0027) से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।
गया जिला सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रियरंजन के अनुसार, उक्त कार का इस्तेमाल अवैध शराब परिवहन के लिए किया जा रहा था। तलाशी लेने पर वाहन से कुल 198 लीटर विदेशी शराब (528 बोतल) जब्त की गई। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
कार्रवाई आमस थाना क्षेत्र में की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली। छापेमारी दल में एसआई स्तर के अधिकारी, हवलदार/सहायक अवर निरीक्षक सहित सशस्त्र बल और गृह रक्षक जवान शामिल थे, जिन्होंने पूरी मुस्तैदी से ऑपरेशन को अंजाम दिया।
पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसका पता लगाया जा रहा है। जांच के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाएगा।
लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि गया पुलिस अवैध शराब कारोबार पर सख्त रुख अपनाए हुए है और आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाई और तेज होने की संभावना है।
