देवब्रत मंडल

गया: बिहार में शराबबंदी के बीच अवैध शराब तस्करी के खिलाफ मद्य निषेध विभाग को एक बड़ी सफलता मिली है। गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित समेकित जांच चौकी पर छापेमारी के दौरान टाटा मैजिक वाहन (BR-01GP-4592) से अवैध बीयर की बड़ी खेप बरामद की गई। इस कार्रवाई में एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज कुमार (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के बलवन्त सराय गांव का निवासी है।
240 लीटर अवैध बीयर जब्त
छापेमारी के दौरान वाहन से कुल 240 लीटर अवैध बीयर (करीब 480 केन) बरामद की गई। पुलिस का मानना है कि यह खेप बिहार में अवैध रूप से खपाने के लिए लाई जा रही थी।
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
सहायक आयुक्त उत्पाद प्रियरंजन ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और अनुसंधान के उपरांत आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्रवाई में उत्पाद विभाग और पुलिस के कई अधिकारी व जवान शामिल थे, जिनमें दिलीप कुमार, विजय कुमार, धर्मेंद्र बैठा और कमल किशोर समेत सैप बल एवं गृह रक्षक जवानों की टीम मौजूद रही।
