देवब्रत मंडल

गया जी, 3 अगस्त। गया बार एसोसिएशन ने सरकार द्वारा आवंटित भूमि पर एसोसिएशन भवन निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि जिला प्रशासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद भवन निर्माण से जुड़े अभियंता द्वारा लगातार टालमटोल की जा रही है, जिससे अधिवक्ताओं में व्यापक आक्रोश है।
बार एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सरकार ने एसोसिएशन भवन निर्माण के लिए राशि आवंटित कर दी है। भवन निर्माण के लिए स्थल निरीक्षण और मापी का कार्य भी कई माह पूर्व जिला पदाधिकारी के निर्देश पर पूरा कराया जा चुका है। इसके बाद एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी एवं उप समाहर्ता से मुलाकात कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की थी।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिला पदाधिकारी एवं उप समाहर्ता के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद संबंधित अभियंता निर्माण कार्य शुरू करने के बजाय लगातार बहाने बना रहे हैं। एसोसिएशन का आरोप है कि कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन अभियंता उपलब्ध नहीं हुए और मोबाइल पर भी प्रशासनिक स्वीकृति का हवाला देकर निर्माण कार्य टालते रहे।
बार एसोसिएशन ने दावा किया है कि उप समाहर्ता ने प्रतिनिधिमंडल को स्पष्ट रूप से बताया कि निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए आवश्यक सभी कागजात संबंधित अभियंता को उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा रहा है।
इस मुद्दे पर गया बार एसोसिएशन की बैठक में अध्यक्ष वरीय अधिवक्ता एस. कैसर शर्फुद्दीन, उपाध्यक्ष विनय किशोर प्रसाद, प्रभारी सचिव नंद किशोर प्रसाद श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष शशि भूषण मालवीय, सहायक सचिव पूनम कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं अधिवक्ता मौजूद रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि भवन निर्माण कार्य शीघ्र शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन की रूपरेखा 5 अगस्त 2026 को कार्यकारिणी समिति की बैठक में तय की जाएगी।
