Blog

  • आगरा में स्टेशन मास्टर के साथ मारपीट के विरोध में गया जंक्शन पर AISMA का कैंडल मार्च, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग

    आगरा में स्टेशन मास्टर के साथ मारपीट के विरोध में गया जंक्शन पर AISMA का कैंडल मार्च, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग

    देवब्रत मंडल

    गया। आगरा कैंट स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान स्टेशन मास्टर के साथ हुई कथित मारपीट के विरोध में ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन (AISMA) की गया शाखा ने शुक्रवार को गया जंक्शन पर शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला।

    AISMA के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को डीडीयू मंडल की गया शाखा द्वारा मार्च आयोजित किया गया। कैंडल मार्च गया जंक्शन के पार्सल कार्यालय से शुरू होकर स्टेशन के मुख्य द्वार तक गया।

    क्या है मामला

    एसोसिएशन का आरोप है कि आगरा कैंट स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान स्टेशन मास्टर नरेंद्र चहार के साथ आरपीएफ कर्मियों द्वारा बर्बरतापूर्ण मारपीट की गई। इसी घटना के विरोध में देशभर में AISMA द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

    मार्च का नेतृत्व

    मार्च का नेतृत्व AISMA के केंद्रीय अध्यक्ष प्रमोद कुमार और डीडीयू मंडल सचिव प्रिंस कुमार ने किया। इस दौरान उपस्थित स्टेशन मास्टर्स ने घटना की कड़ी भर्त्सना करते हुए दोषी कर्मियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की।

    कौन-कौन रहे शामिल

    इस शांतिपूर्ण कैंडल मार्च में डीडीयू मंडल के मानपुर, कस्ता, परैया, गुरारू, इस्माइलपुर, रफीगंज एवं फेशर स्टेशनों के स्टेशन मास्टर्स के साथ जपला स्टेशन अधीक्षक भी शामिल हुए।

    कार्यक्रम में जोनल सचिव (वित्त) ओमप्रकाश मानव, मंडल सचिव (वित्त) शंभू कुमार शर्मा, जुगेश कुमार सिन्हा और जोनल कार्यकारी अध्यक्ष सुनील शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

    क्या बोले पदाधिकारी

    सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी रेल कर्मचारी, विशेषकर स्टेशन मास्टर के साथ हिंसात्मक एवं अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने रेल प्रशासन से मांग की कि:

    1 घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए
    2 दोषियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई हो
    3 भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्टेशन मास्टर्स की सुरक्षा हेतु ठोस व्यवस्था लागू की जाए

    अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने श्री नरेंद्र चहार के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए न्याय मिलने तक संगठनात्मक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं अनुशासित माहौल में संपन्न हुआ।

  • बागेश्वरी गुमटी आरओबी: भूमि पूजन के 5 महीने बाद शुरू हुई पीलर के लिए खुदाई, 2 साल में पूरा करने का लक्ष्य

    बागेश्वरी गुमटी आरओबी: भूमि पूजन के 5 महीने बाद शुरू हुई पीलर के लिए खुदाई, 2 साल में पूरा करने का लक्ष्य

    देवब्रत मंडल

    File Photo

    गया। शहर के बागेश्वरी रेलवे गुमटी संख्या 71/A के बदले प्रस्तावित आरओबी निर्माण का काम अब गति पकड़ने लगा है। भूमि पूजन के करीब पांच महीने बाद 16 जुलाई को बागेश्वरी रोड पर पीलर के लिए पहले गड्ढे की खुदाई शुरू कर दी गई है।

    भूमि पूजन के बाद शुरू हुआ काम


    बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने 21 फरवरी को बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी निर्माण का भूमि पूजन किया था। फाटक बंद होने के बाद वैकल्पिक मार्ग की मांग को लेकर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता ने पत्र लिखा था। इसके बाद उच्चस्तरीय बैठक कर कार्य शुरू करने का निर्णय लिया गया।

    अतिक्रमण हटाने के बाद खुदाई शुरू


    सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने 11 जुलाई तक बागेश्वरी-पावरगंज रोड से अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था। अतिक्रमण हटने के बाद अब पीलर निर्माण के लिए गड्ढे खोदने का काम शुरू हुआ है। पुल निगम के अधिकारी और अभियंता अब रोजाना कार्यस्थल का निरीक्षण कर रहे हैं।

    अधिकारियों का कहना है कि यदि कार्य में कोई बाधा नहीं आई तो बागेश्वरी रोड पर पीलर का काम निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाएगा।

    भूमि अधिग्रहण में आ रही अड़चन


    विभागीय सूत्रों के अनुसार भूमि अधिग्रहण कानून के तहत प्रक्रिया में कुछ पेंच फंसे हुए हैं। इसे नगर अंचल और जिला भू-अर्जन विभाग के स्तर से सुलझाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अधिग्रहण में हो रही देरी पर विभागीय सचिव ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार भी लगाई है।

    2 साल में पूरा करने की समय सीमा


    आरओबी निर्माण के लिए संवेदक को 2 साल का समय दिया गया है। अब देखना होगा कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा हो पाता है या इसमें और देरी होती है।

    इधर, एक बड़ा वर्ग बागेश्वरी गुमटी पर रोजाना लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं को देखते हुए आरओबी बनने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

  • दुःखद:आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक भीषण दुर्घटना के हुए शिकार, बीएचयू रेफर

    दुःखद:आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक भीषण दुर्घटना के हुए शिकार, बीएचयू रेफर

    देवब्रत मंडल

    घायल इंस्पेक्टर जीएस राणा

    पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल के दिलदारनगर रेलवे स्टेशन के आरपीएफ पोस्ट प्रभारी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण के बाद बेहतर चिकित्सीय सुविधा के लिए बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। दिलदारनगर, गाजीपुर जिला, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत हावड़ा-दिल्ली मेन लाइन का एक प्रमुख रेलवे स्टेशन है।
    यहां के रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक जी. एस. राणा की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली है।
    जिन्हें गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। बताया गया कि गणेश सिंह राणा(जी. एस. राणा) को पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला संयुक्त चिकित्सालय, चंदौली(यूपी) के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।

    क्षतिग्रस्त वाहन


    जिस चारपहिया वाहन से श्री राणा जा रहे थे उसका रेजिस्ट्रेशन नंबर BR/31Z/0729 है जो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। किस वाहन से इनके वाहन में टक्कर हुई है इसका पता नहीं चल पाया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। यह घटना गुरुवार की रात करीब 21:30 की बताई जा रही है। घटनास्थल कंदवा थाना क्षेत्र में हुई बताई जा रही है। चिकित्सक ने घायल श्री राणा का x-ray करवाया। जिसकी रिपोर्ट के अनुसार बाएं हाथ और बाएं हाथ की केहुनी(elbow) में गहरी चोट आई है। CT scan भी करवाया गया है। चिकित्सक ने यहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के लिए देर रात रेफर कर दिया है। चिकित्सक के अनुसार श्री राणा जिस वक्त अस्पताल पहुंचे थे तो इनका बीपी, पल्स रेट और एसपीओ-2 नार्मल था।

  • लाखों की दुआएं काम आई: बोरवेल से सकुशल निकाला गया तीन वर्षीय पीयूष, राहत-बचाव अभियान सफल

    लाखों की दुआएं काम आई: बोरवेल से सकुशल निकाला गया तीन वर्षीय पीयूष, राहत-बचाव अभियान सफल

    टीम, मगध लाइव


    गया जिले के गुरपा थाना क्षेत्र अंतर्गत कठौतिया केवाल पंचायत के रंगूनगर गांव में नल-जल योजना के लिए किए गए बोरिंग में गिरा तीन वर्षीय बालक पीयूष को शुक्रवार की देर रात लगभग 1:50 बजे सकुशल बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के सुरक्षित बाहर आने के बाद परिजनों सहित पूरे गांव ने राहत की सांस ली। गया जिले की एसडीआरएफ की टीम और पटना से देर रात पहुंची एनडीआरएफ की की टीम के करीब पांच-छः घन्टे के संयुक्त प्रयास ने एक अबोध बालक की जान बचाने में कामयाब रही।

    इधर, घटना के बाद से घटनास्थल पर हजारों लोगों की भीड़ जमा थी। हर हाथ पियूष की सलामती की दुआ कर रहा था। सबकी ऊपर वाले ने सुन ली और 30 फ़ीट गहरे बोरवेल में फंसा पीयूष सुरक्षित बाहर निकल आया। हालांकि एसडीआरएफ की टीम को इसका प्रशिक्षण प्राप्त नहीं था तो इनकी टीम अपने स्तर से बच्चे को सुरक्षित निकाल पाने की कोशिश करती रही।

    कथित झोलाछाप डॉक्टर की भूमिका की लोग सराहना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना था कि फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ऑक्सीजन की कमी थी तो कथित झोलाछाप चिकित्सक के निजी अस्पताल में मौजूद ऑक्सीजन की सिलेंडर काम आया। जिसके सहारे 30 फ़ीट गहरे बोरवेल की गहराई में फंसे तीन साल के मासूम पीयूष की सांसों की डोर को टूटने नहीं दिया।


    वहीं वजीरगंज डीएसपी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा सामान्य प्रशासन विभाग की टीम लगातर जिले के डीएम और आपदा प्रबंधन विभाग के अपर कलेक्टर के संपर्क में रहते हुए पीयूष की जान बचाने के लिए घटना की सूचना मिलने के बाद से रात भर घटनास्थल पर ही मौजूद रहे।

    बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और बचाव कार्य शुरू किया गया। मौके पर एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन तथा अन्य राहत-बचाव दलों ने लगातार अभियान चलाया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता प्राप्त की।

    इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों के साथ साथ प्रशासन की भूमिका सराहनीय रही। हालांकि, लोगों का कहना है कि बिहटा से एनडीआरएफ की टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगा, जिससे परिजनों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई थी।

    पीयूष के सकुशल बाहर निकलने की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने राहत-बचाव दलों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए बच्चे के सुरक्षित जीवन की कामना की।

  • आगरा कैंट विवाद के बाद बड़ी कार्रवाई: आरपीएफ के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त का तबादला, रेलवे बोर्ड ने जारी किया आदेश

    देवब्रत मंडल


    आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर स्टेशन उपाधीक्षक (डिप्टी एसएस) के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मुख्यालय ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। रेलवे बोर्ड के महानिदेशक (आरपीएफ) के निर्देश पर उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) आगरा के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (Sr. DSC) पी. राजमोहन का तबादला कर दिया गया है।
    रेलवे बोर्ड के 16 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार, पी. राजमोहन को प्रशासनिक आधार पर उत्तर पूर्व रेलवे (एनईआर) में उप मुख्य सुरक्षा आयुक्त (Dy. CSC) के पद पर स्थानांतरित किया गया है। आदेश में उन्हें तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है तथा कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से रेलवे बोर्ड को शीघ्र अवगत कराने को कहा गया है।
    यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब आगरा कैंट स्टेशन पर स्टेशन उपाधीक्षक के साथ हुई कथित अभद्रता और अमानवीय व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों में भी नाराजगी देखी गई। कई स्थानों पर विरोध सभाएं आयोजित की गईं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठी।
    हालांकि, रेलवे बोर्ड के तबादला आदेश में वायरल वीडियो या घटना का प्रत्यक्ष उल्लेख नहीं किया गया है। आदेश में स्थानांतरण का कारण “प्रशासनिक आधार (Administrative Ground)” बताया गया है। इसके बावजूद इस कार्रवाई को आगरा कैंट प्रकरण के बाद उठाए गए महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
    रेलवे कर्मचारियों के बीच अब इस बात की चर्चा है कि घटना से जुड़े अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी समीक्षा की जा सकती है। वहीं, रेलवे प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

  • गया जंक्शन से 12 किलो गांजा बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार

    गया जंक्शन से 12 किलो गांजा बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल

    जगह: प्लेटफार्म नंबर-1, गया रेलवे स्टेशन

    आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है।

    गिरफ्तार आरोपी:

    1. सनी कुमार – निवासी नरहट, नवादा
    2. सुमित कुमार – निवासी महेंद्र पार्क, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली

    दोनों के बैग से 12 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों को प्लेटफार्म नंबर-1 से हिरासत में लेकर जीआरपी थाना लाया गया।

    जांच जारी

    पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। क्या ये किसी बड़े तस्करी गिरोह से जुड़े हैं इसकी भी जांच हो रही है।

    आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह के हवाले से बताया गया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान और तेज किए जाएंगे।

  • ब्रेकिंग: गया में 30 फीट गहरे बोरवेल में फंसा 3 साल का बच्चा, देखें तस्वीर, राहत व बचाव कार्य जारी

    ब्रेकिंग: गया में 30 फीट गहरे बोरवेल में फंसा 3 साल का बच्चा, देखें तस्वीर, राहत व बचाव कार्य जारी

    गहरे बोरवेल में दिखाई देता बच्चे का सिर

    दीपक कुमार, निदेशक

    जगह: रंगून नगर, गुरपा थाना क्षेत्र, फतेहपुर प्रखंड, गया

    गया जिले से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आ रही है, गया में बड़ा हादसा
    फतेहपुर प्रखंड के गुरपा थाना क्षेत्र के रंगून नगर में खेलते समय 3 साल का बच्चा 30 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया।

    स्थल पर लगी भीड़

    बच्चे का नाम पीयूष कुमार पिता का नाम दिनेश मांझी बताया जा रहा है।

    घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

    फिलहाल बच्चे को निकालने की कोशिशें जारी हैं। मां का रो रोकर बुरा हाल हो चला है
    हमारी टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
    आप लोग भी बच्चे के लिए दुआ करें

    बाद में पूरी जानकारी दी जाएगी।

  • स्पीड का कहर:गया में तेज रफ्तार थार ने टोटो को उड़ाया, 2 घायल, भीड़ ने गाड़ी तोड़ी

    स्पीड का कहर:गया में तेज रफ्तार थार ने टोटो को उड़ाया, 2 घायल, भीड़ ने गाड़ी तोड़ी

    देवब्रत मंडल

    गया: तेज रफ्तार और लापरवाही ने फिर 2 जिंदगियों को अस्पताल पहुंचा दिया। गुरुवार शाम जय प्रकाश झरना के पास एक बेकाबू थार ने सवारी से भरे टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में टोटो पर सवार 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और घायलों को बाहर निकाला। हादसा होते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के स्टिकर लगे थार को घेरकर शीशे तोड़ दिए और गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। हंगामे के कारण कुछ देर तक जय प्रकाश झरना रोड पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को हटाया और दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा। सिटी एसडीपीओ सरोज कुमार  के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।

  • बागेश्वरी गुमटी आरओबी निर्माण की धीमी रफ्तार पर अधिकारियों की नाराजगी, कार्य में तेजी लाने का निर्देश

    बागेश्वरी गुमटी आरओबी निर्माण की धीमी रफ्तार पर अधिकारियों की नाराजगी, कार्य में तेजी लाने का निर्देश

    देवब्रत मंडल

    कार्य का निरीक्षण करते अभियंता


    गया। गया शहर के उत्तरी हिस्से में बागेश्वरी गुमटी के पास निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा लगातार की जा रही है। जिला प्रशासन के साथ-साथ बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अधिकारी भी नियमित रूप से कार्यस्थल का निरीक्षण कर रहे हैं।
    गुरुवार को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता आकाशदीप निर्माण स्थल पहुंचे और कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने अधीनस्थ अभियंताओं तथा निर्माण एजेंसी के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर काम में तेजी लाई जाए।
    दरअसल, बागेश्वरी रोड पर आरओबी के पिलरों के लिए गड्ढा खोदने का कार्य बुधवार से शुरू होना था, लेकिन गुरुवार दोपहर बाद तक भी काम शुरू नहीं हो पाया। इसी को लेकर वरीय परियोजना अभियंता ने संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए तत्काल कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।
    इधर, आरओबी निर्माण को लेकर सड़क पर बैरियर लगाए जाने के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर मशीनें तो मौजूद रहती हैं, लेकिन जिस गति से कार्य होना चाहिए, वह दिखाई नहीं दे रहा है।
    स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि निर्माण की यही रफ्तार रही तो आरओबी के पूरा होने में काफी लंबा समय लग सकता है। ऐसे में लोगों को उम्मीद है कि अधिकारियों की सख्ती के बाद अब निर्माण कार्य में तेजी आएगी और लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना का लाभ जल्द मिल सकेगा।

  • आगरा कैंट प्रकरण के बीच रेलवे का नया निर्देश: टिकट जांच नहीं करेगी RPF, केवल कमर्शियल स्टाफ को होगा अधिकार

    आगरा कैंट प्रकरण के बीच रेलवे का नया निर्देश: टिकट जांच नहीं करेगी RPF, केवल कमर्शियल स्टाफ को होगा अधिकार

    देवब्रत मंडल


    12 जुलाई को आगरा कैंट स्टेशन पर डिप्टी एसएस और आरपीएफ के बीच घटित हुई घटना को लेकर एक ओर जहां भारतीय रेल में एक तूफान खड़ा हो गया है तो इसी बीच पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने टिकट जांच (Ticket Checking) के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की भूमिका को लेकर नया निर्देश जारी किया है। 14 जुलाई 2026 को जारी पत्र में रेलवे बोर्ड के निर्देशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया गया है कि यात्रियों के टिकट की जांच और अतिरिक्त किराया (Excess Charge) वसूलने का अधिकार केवल रेलवे के वाणिज्य (Commercial) विभाग के टिकट जांच कर्मचारियों के पास होगा। RPF कर्मी अपने स्तर पर टिकट जांच नहीं करेंगे। सहायक वाणिज्य प्रबंधक(एसीएम), वाराणसी द्वारा जारी पत्र में सभी ड्यूटी पर तैनात टीटीई, स्लीपर रोड, आईसीपी सहित संबंधित कर्मचारियों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।

    पत्र की प्रमुख बातें


    # भारतीय रेलवे कमर्शियल मैनुअल (IRCM) के अनुसार टिकट जांच और अतिरिक्त किराया वसूलने का अधिकार केवल टिकट जांच स्टाफ को है।
    # RPF अपने स्तर पर यात्रियों के टिकट की जांच नहीं करेगी।

    # रेलवे अधिनियम की धारा 137 और 138 के तहत बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई टिकट जांच स्टाफ की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

    # रेलवे अधिनियम की धारा 179(2) के तहत ASI या उससे ऊपर के रैंक के RPF अधिकारी आवश्यक परिस्थितियों में बिना वारंट गिरफ्तारी कर सकते हैं, लेकिन यह कार्रवाई टिकट जांच स्टाफ के उचित अनुरोध पर ही होगी।

    # रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि RPF केवल वाणिज्य विभाग को टिकट जांच अभियान में सुरक्षा और आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी, स्वयं टिकट जांच नहीं करेगी।

    # किसी अपराध, भगदड़ या अन्य कानून-व्यवस्था की स्थिति को छोड़कर चलती ट्रेनों में नियमित टिकट जांच अभियान में RPF कर्मियों को शामिल नहीं किया जाएगा।
    # त्योहारों और अत्यधिक भीड़ के दौरान सुरक्षा कारणों से बड़े टिकट जांच अभियानों से बचने की सलाह भी दी गई है।


    यात्री सुरक्षा और समन्वय पर जोर
    पत्र में सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि वे ड्यूटी के दौरान इन नियमों का पूर्ण पालन करें तथा RPF और वाणिज्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखें, ताकि रेल संचालन और यात्री सुरक्षा प्रभावित न हो।

    ध्यातव्य:यह आदेश रेलवे बोर्ड के पूर्व में जारी डायरेक्टिव नंबर 38 तथा 19 सितंबर 2017 के स्पष्टीकरण पत्र के अनुपालन में जारी किया गया है।