Blog

  • “बदलती जीवनशैली के कारण उच्च रक्तचाप की समस्या तेजी से बढ़ रही”

    “बदलती जीवनशैली के कारण उच्च रक्तचाप की समस्या तेजी से बढ़ रही”

    विश्व रक्तचाप दिवस पर गया जी में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

    देवब्रत मंडल


    गया। विश्व रक्तचाप दिवस-2026 के अवसर पर रविवार को गांधी मैदान मंडप, गया जी में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) गया शाखा, एपीआई मगध, सीसीडीएसआई एवं भारत विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
    इस शिविर में लोगों का रक्तचाप और शुगर की जांच की गई तथा उच्च रक्तचाप से बचाव एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी गई। शिविर में करीब 200 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों एवं आयोजकों ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण उच्च रक्तचाप एवं शुगर की समस्या तेजी से बढ़ रही है।
    कार्यक्रम में आईएमए गया शाखा के अध्यक्ष डॉ. विश्व विजय सिंह, सचिव डॉ. विमलेन्दु विमल, एपीआई मगध के चेयरमैन डॉ. नीरज कुमार, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय कुमार सिंह सहित कई चिकित्सकों ने भाग लिया। इस दौरान डॉ. रामसेवक प्रसाद सिंह, डॉ. डी. के. सहाय, डॉ. एस. एस. जमा, डॉ. उमेश कुमार वर्मा, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. प्रशांत कुमार, डॉ. कुंदन कुमार एवं डॉ. संदीप कुमार सिन्हा समेत अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि बदलती जीवनशैली के कारण उच्च रक्तचाप एवं शुगर की समस्या तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में लोगों को नियमित जांच और जागरूकता की आवश्यकता है। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ शिविर का समापन किया गया।

  • पलामू एक्सप्रेस में इंजीनियरिंग के शोधकर्ता की बैग हुई चोरी, रेलमंत्री से की शिकायत, पटना में दर्ज कराई शिकायत

    पलामू एक्सप्रेस में इंजीनियरिंग के शोधकर्ता की बैग हुई चोरी, रेलमंत्री से की शिकायत, पटना में दर्ज कराई शिकायत

    GRP-RPF पर FIR न दर्ज करने का आरोप, स्टाफ की मिलीभगत का संदेह

    देवब्रत मंडल

    चलती ट्रेन में यात्रियों के समान चोरी होने या फिर झपट लिए जाने का मामला इन दिनों बढ़ गया मालूम होता है। इस बार इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर शोध कार्य करने वाले एक यात्री के साथ पलामू एक्सप्रेस में चोरी की घटना हुई है। यात्री प्रियंकर का कहना है कि वे गढ़वा रोड से अपना सफर शुरू कर गया जंक्शन पहुंचे थे। इनका कहना है कि उनका एसी कोच से लगेज बैग चोरी हो गया। पीड़ित यात्री प्रियंकर कुमार ने रेल मंत्री और रेलवे अधिकारियों को शिकायत भेजकर FIR दर्ज करने और जांच की मांग की है। यात्री का आरोप है कि शिकायत के बाद भी GRP/RPF ने गंभीरता नहीं दिखाई।

    क्या है पूरा मामला?

    दरभंगा जिले के रहने वाले यात्री प्रियंकर कुमार ने बताया कि 06 मई को ट्रेन संख्या 13347 के कोच B4, बर्थ 33 और 36 पर यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान उनका लगेज बैग एसी 3 टियर कोच से चोरी हो गया। घटना के बाद उन्होंने तुरंत GRP/RPF थाने में सूचना दी, लेकिन आरोप है कि न तो FIR दर्ज की गई और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई।

    रेल स्टाफ पर मिलीभगत का आरोप


    पीड़ित ने बताया कि उन्होंने इस बात और घटना की शिकायत रेलमंत्री से भी की है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि एसी कोच में बिना कोच अटेंडेंट, टीटीई या सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही के चोरी संभव नहीं है। यात्रियों को रेलवे पर भरोसा होता है, मगर इस तरह की घटनाएं डर पैदा करती हैं।

    पटना में दर्ज कराई शिकायत

    उन्होंने बताया कि जब यहां उनकी नहीं सुनी गई तो पटना पहुंचने पर रेल थाना में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि जो बैग चोरी गई है। उसमें उनका Dell कंपनी का लैपटॉप, मोबाइल चार्जर, बैंक का पासबुक, सोने की कान की बाली, चांदी के पायल व कुछ कपड़े भी थे।

    पीड़ित की समस्या

    उन्होंने बताया कि पटना रेल थाना के पुलिस पदाधिकारी ने उनकी शिकायत पत्र की प्राप्ति दिए हैं, लेकिन जबतक एफआईआर की प्रति नहीं मिलती है तो उनके साथ कई परेशानी होगी।


    पीड़ित यात्री प्रियंकर कुमार ने मांग की है:

    1. चोरी की घटना पर तत्काल FIR दर्ज हो।
    2. निष्पक्ष जांच कराई जाए।
    3. ड्यूटी पर तैनात कोच अटेंडेंट, टीटीई और सुरक्षा कर्मियों की भूमिका की जांच हो।
    4. दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
    5. एसी कोचों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।

    भूल सुधार: खबर के हेडिंग में ‘शोधकर्ताओं’ की जगह ‘शोधकर्ता’ पढेंगे

  • गया में चलती सरकारी पिंक बस में लगी आग, धू-धूकर जली, बड़ा हादसा टला, कोई हताहत नहीं

    गया में चलती सरकारी पिंक बस में लगी आग, धू-धूकर जली, बड़ा हादसा टला, कोई हताहत नहीं

    देवब्रत मंडल


    गया। गया–डोभी मुख्य सड़क मार्ग पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के हरियो गांव के समीप एक चलती सरकारी बस में अचानक भीषण आग लग गई। महिलाओं के लिए चलाई जा रही पिंक बस देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस खाली थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस दोमोहन बोधगया से गया की ओर आ रही थी। इसी दौरान बस से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग की तेज लपटें उठने लगीं। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। मुख्य सड़क पर उठती ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सड़क से गुजर रहे वाहन चालक भी अपने वाहन रोककर दूर हट गए।


    घटना के बाद गया–डोभी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ देर तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। फायर स्टेशन के एक पदाधिकारी रघुवीर कुशवाहा ने बताया सूचना मिलते ही मगध मेडिकल थाना से दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। उन्होंने बताया कि सूचना दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे मिली थी। उन्होंने बताया इसके बाद गया मुख्यालय से दो गाड़ी(दमकल) के साथ टीम को भेजा गया। उन्होंने बताया मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। तब तक बस का बड़ा हिस्सा जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।

    उन्होंने बताया राहत दल में फायर स्टेशन पदाधिकारी अजय कुमार साह, सब ऑफिसर भूलचुन साहनी, चालक राजेश रंजन, अग्निक राकेश कुमार, सुबेश कुमार, काजल कुमारी, अमन कुमार आदि शामिल थे। जिस समय बस में आग लगी, उस वक्त उसमें कोई यात्री सवार नहीं था। बताया जा रहा है कि बस खाली अवस्था में गया की ओर जा रही थी। ऐसे में संभावित बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस यात्रियों से भरी होती, तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।
    घटना के दौरान चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

  • बागेश्वरी गुमटी: मुआवजा को लेकर लोग हुए एकजुट, समाधान को लेकर लगाए बैनर, भू-अर्जन पदाधिकारी को सौंपा आवेदन

    बागेश्वरी गुमटी: मुआवजा को लेकर लोग हुए एकजुट, समाधान को लेकर लगाए बैनर, भू-अर्जन पदाधिकारी को सौंपा आवेदन

    देवब्रत मंडल

    बागेश्वरी रोड में लगा बैनर


    गया। बागेश्वरी गुमटी (लेवल क्रॉसिंग 71A) पर प्रस्तावित फ्लाईओवर सह पहुंच पथ निर्माण योजना के तहत अधिग्रहित की जाने वाली जमीन को लेकर स्थानीय निवासी एकजुट हो गए हैं। लोगों ने बागेश्वरी रोड में एक बैनर लगाकर प्रशासन का ध्यानाकृष्ट कराया है। इसको लेकर एक भूधारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को आपत्ति आवेदन सौंपा है।

    आवेदक का आरोप: गलत है गजट में उल्लेखित प्रकृति

    आवेदक मनोज कुमार, पिता स्वर्गीय रामेश्वर प्रसाद, निवासी बागेश्वरी गुमटी, थाना डेल्हा, जिला गया ने आवेदन में कहा है कि परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में उनकी जमीन को गलत तरीके से बिहार सरकार के नाम प्रकाशित कर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित जमीन उनकी माता स्वर्गीय भारती देवी के नाम से दर्ज है और परिवार वर्षों से वहां निवास कर रहा है।

    भूमि पर वर्षों से कब्जा का दावा

    आवेदन में उल्लेख किया गया है कि भू-अर्जन अधिनियम 2013 की धारा 11(1) के तहत 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित अधिसूचना में खाता संख्या 1032 की जमीन को सरकारी भूमि बताया गया, जबकि वर्तमान में उस भूमि पर परिवार का कब्जा और नगर निगम का कर भुगतान नियमित रूप से किया जा रहा है नए सर्वे का अंतिम प्रकाशन नहीं हुआ

    मनोज Kumar ने यह भी कहा कि बागेश्वरी मोहल्ले में नए सर्वे का अंतिम प्रकाशन अभी तक नहीं हुआ है, इसलिए पुराना सर्वे ही प्रभावी माना जाना चाहिए। उन्होंने पुराने खाता संख्या 16, खेसरा संख्या 6309 तथा नए खाता संख्या 572 और खेसरा संख्या 1791 का हवाला देते हुए कहा कि अधिग्रहित की जा रही करीब 100 आर जमीन पर मुआवजे का पूरा अधिकार उनका बनता है।

    दस्तावेज पेश करते हुए प्रशासन से मांग

    आवेदक ने प्रशासन से मांग की है कि जमीन और मकान का पंचाट उनके नाम घोषित कर उचित मुआवजा भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके समर्थन में उन्होंने केवाला, खतियान, ड्राफ्ट बंदोबस्ती, नगर निगम कर रसीद एवं वंशावली की प्रतियां भी आवेदन के साथ संलग्न की हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर वास्तविक अभिलेखों के आधार पर निर्णय लेता है, तो प्रभावित परिवार को न्याय मिल सकेगा।

  • अभिषेक कुमार की सफलता से गयाजी गौरवान्वित, 6400 मीटर ऊंचे गोरिचेन ग्लेशियर पर लहराया तिरंगा

    अभिषेक कुमार की सफलता से गयाजी गौरवान्वित, 6400 मीटर ऊंचे गोरिचेन ग्लेशियर पर लहराया तिरंगा

    देवब्रत मंडल

    6 बिहार बटालियन के कैडेट अभिषेक


    गयाजी। National Cadet Corps की 6 बिहार बटालियन के कैडेट अभिषेक कुमार ने अरुणाचल प्रदेश स्थित 6400 मीटर ऊंचे गोरिचेन ग्लेशियर को सफलतापूर्वक फतह कर जिले एवं संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है। वर्तमान में वे अरुणाचल प्रदेश में आयोजित एडवांस माउंटेनियरिंग कैंप में भाग ले रहे हैं।
    कैडेट अभिषेक कुमार को यह अवसर 6 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा प्रदान किया गया। इससे पूर्व उन्होंने पिछले वर्ष National Institute of Mountaineering and Adventure Sports से बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स सफलतापूर्वक पूरा किया था। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और साहस को देखते हुए उन्हें एडवांस माउंटेनियरिंग कैंप के लिए चयनित किया गया।
    हाल ही में उन्होंने एनसीसी की ‘बी’ सर्टिफिकेट परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। इस उपलब्धि पर 6 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर Pankaj Kumar ने कहा कि यह सफलता अन्य कैडेटों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, साहस, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का कार्य कर रही है।
    इस अवसर पर सुबेदार मेजर विक्रम सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने खुशी व्यक्त करते हुए कैडेट के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं Gaya College के प्राचार्य सतीश सिंह चंद्र एवं 3/6 कंपनी 6 बिहार बटालियन एनसीसी के एएनओ लेफ्टिनेंट संजय तिवारी ने भी कैडेट को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

  • खुशखबरी:परैया-चतरा नई रेललाइन परियोजना को मिली विशेष रेल परियोजना का दर्जा

    खुशखबरी:परैया-चतरा नई रेललाइन परियोजना को मिली विशेष रेल परियोजना का दर्जा

    रेल मंत्रालय की अधिसूचना जारी, बिहार-झारखंड के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

    देवब्रत मंडल

    फ़ाइल फ़ोटो(प्रतीकात्मक)


    गया। पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत परैया से चतरा के बीच प्रस्तावित नई ब्रॉडगेज रेललाइन परियोजना को केंद्र सरकार ने “विशेष रेल परियोजना” घोषित कर दिया है। रेल मंत्रालय द्वारा जारी भारत के राजपत्र (Gazette of India) की अधिसूचना में इस संबंध में जानकारी दी गई है।
    अधिसूचना के अनुसार, रेलवे (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 2 के खंड 37A के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे द्वारा “परैया (किमी 0.00) से चतरा (किमी 75.1) तक नई BG रेललाइन, साथ ही काष्ठा की ओर Y कनेक्शन (4.95 किमी)” परियोजना को विशेष रेल परियोजना घोषित करने की स्वीकृति दी गई है।
    यह परियोजना बिहार और झारखंड के कई इलाकों को बेहतर रेल संपर्क प्रदान करेगी। रेललाइन बनने से गया, परैया, काष्ठा और चतरा क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
    रेल मंत्रालय की यह अधिसूचना 6 मई 2026 को भारत के राजपत्र में प्रकाशित की गई है। माना जा रहा है कि विशेष रेल परियोजना का दर्जा मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य में तेजी आएगी।

  • गया में नौकरी दिलाने के नाम पर विधवा महिला से ठगी और शोषण का आरोप, प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग

    गया में नौकरी दिलाने के नाम पर विधवा महिला से ठगी और शोषण का आरोप, प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग

    देवब्रत मंडल

    काल्पनिक फोटो


    गया। विष्णुपद थाना क्षेत्र की रहने वाली एक पीड़ित महिला ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, मानसिक एवं शारीरिक शोषण तथा जान से मारने और बच्चे के अपहरण की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
    पीड़िता (काल्पनिक नाम) रीना देवी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि डेल्हा थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति और उसकी सहयोगी महिला ने उसे टिकारी रोड स्थित एक निजी विद्यालय में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि भरोसा जीतने के बाद उससे रुपये लिए गए और लंबे समय तक मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
    महिला ने आवेदन में कहा है कि वह आर्थिक रूप से कमजोर और असहाय है तथा पति की मृत्यु के बाद अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही है। इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपितों ने उसे नौकरी का झांसा दिया।
    पीड़िता का आरोप है कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपितों द्वारा टालमटोल किया जाने लगा। विरोध करने पर जान से मारने, बदनाम करने और उसके नाबालिग पुत्र के अपहरण की धमकी दी गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित लगातार उस पर दबाव बना रहे हैं, जिससे वह भय और मानसिक तनाव में जी रही है।
    आवेदन में महिला ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए संबंधित आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है।
    इस संबंध में थानाध्यक्ष का कहना है कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी की ओर से डेल्हा थाना में आवेदन दिया गया है। जिसकी भी जांच की जा रही है। पीड़िता और आरोपी(दोनों पक्ष) को थाने पर पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

  • गया के एपी कॉलोनी में दिनदहाड़े लूट, विरोध करने पर सुधा कलेक्शन सेंटर के कैशियर को मारी गोली

    गया के एपी कॉलोनी में दिनदहाड़े लूट, विरोध करने पर सुधा कलेक्शन सेंटर के कैशियर को मारी गोली

    देवब्रत मंडल

    अस्पताल में इलाजरत कैशियर


    गया जी शहर के सबसे पॉश और अतिव्यस्त माने जाने वाले अनुग्रह पुरी कॉलोनी इलाके में शुक्रवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। आशा सिंह मोड़ के समीप स्थित सुधा दूध कलेक्शन सेंटर में घुसे हथियारबंद अपराधियों ने लूटपाट की और विरोध करने पर कैशियर को गोली मार दी।
    जानकारी के अनुसार, चार-पांच की संख्या में पहुंचे अपराधी हथियार से लैस थे। सभी बदमाश अचानक सुधा दूध कलेक्शन सेंटर में घुसे और कर्मचारियों को डराते हुए कैश काउंटर से रुपये लूटने लगे। इसी दौरान सेंटर के कैशियर सुधीर कुमार ने विरोध किया तो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली पैर में लगी। गोली लगते ही सेंटर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। बताया जा रहा है कि अपराधी सेंटर से दो लाख रुपये से अधिक नकदी लूटकर फरार हो गए। घायल मैनेजर सुधीर कुमार को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
    घटना के बाद एपी कॉलोनी इलाके में भारी भीड़ जुट गई। लोगों का कहना है कि शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में इस तरह दिनदहाड़े गोलीबारी और लूट की घटना होना गंभीर चिंता का विषय है।
    सूचना मिलते ही सिटी एसपी सहित कई थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी करने की बात कह रही है।
    इस घटना के बाद गया शहर में बढ़ते अपराध को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने शहर में पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

  • गया जंक्शन पुनर्विकास कार्य तेज, 16 मई को निरीक्षण करने पहुंचेंगे डीआरएम, देखें तस्वीरों में कौन क्या कर रहा

    गया जंक्शन पुनर्विकास कार्य तेज, 16 मई को निरीक्षण करने पहुंचेंगे डीआरएम, देखें तस्वीरों में कौन क्या कर रहा

    देवब्रत मंडल


    गया। गया जंक्शन के पुनर्विकास एवं आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण कार्यों में तेजी लाई गई है। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रेलपथ बदलने का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। इसके बाद अब ओवरहेड वायर एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने का काम युद्धस्तर पर जारी है।


    रेलवे सूत्रों के अनुसार प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर लिए गए मेगा ब्लॉक के दौरान इंजीनियरिंग विभाग द्वारा रेलपथ परिवर्तन का कार्य संपन्न किया गया। इसके साथ ही विद्युत विभाग ओएचई तारों एवं बिजली आपूर्ति प्रणाली को दुरुस्त करने में जुटा है, जबकि सिग्नल विभाग के कर्मचारी सिग्नल प्रणाली को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।


    बताया गया है कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 के रेलपथ परिवर्तन कार्य को लेकर 16 मई तक ब्लॉक की समय सीमा निर्धारित की गई है। इस दौरान विभिन्न तकनीकी एवं संरक्षा संबंधी कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।


    इन्हीं सभी विकास एवं आधुनिकीकरण कार्यों के निरीक्षण के लिए पूर्व मध्य रेलवे के उदय सिंह मीणा को 15 मई को गया पहुंचना था, लेकिन कतिपय कारणों से उनका दौरा स्थगित हो गया। रेलवे सूत्रों ने बताया कि अब डीआरएम 16 मई को गया जंक्शन पहुंचकर चल रहे कार्यों का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी कर सकते हैं।

  • ये गया जंक्शन है साहेब! यहां आदेश नहीं किसी की ‘हुकूमत’ चलती है, मीडिया जब जगाती है तो एक्शन मोड में आते हैं साहेब

    ये गया जंक्शन है साहेब! यहां आदेश नहीं किसी की ‘हुकूमत’ चलती है, मीडिया जब जगाती है तो एक्शन मोड में आते हैं साहेब

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन की तस्वीर

    पूर्व मध्य रेल का डीडीयू रेल मंडल। डीडीयू मंडल का गया जंक्शन। गया जंक्शन पर यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े रेल के जितने भी पर्यवेक्षक स्तर के पदाधिकारी हैं। सभी अपने ऊपर वाले अधिकारियों के आदेश पर काम करते हैं। चाहे वह ट्रेन परिचालन से हों या फिर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े। सभी की पूर्व मध्य रेल मुख्यालय और डीडीयू मंडल के अधिकारियों और पदाधिकारियों के आदेशों के अनुपालन करने के लिए यहां पदस्थापना हुई है।

    वरीय अधिकारियों को भी भारतीय रेल के अधिनियमों का ही अनुपालन कराना होता है। यानी कि सभी एक दूसरे से जुड़े हैं। कहें तो  व्यवस्था ऐसी है कि सभी एक चेन में हैं। यदि किसी भी तरह की रेल नियम और अधिनियमों का उल्लंघन या अनदेखी हो रही है या होती है माना जाता है सभी को अपनी जिम्मेदारियां लेनी पड़ती है।

    हम बात कर रहे हैं गया जंक्शन की। ये गया जंक्शन है साहेब। यहां नियमों और अधिनियमों की बात करें तो हर तरफ कुछ न कुछ खामियां नजर आ जाती है। परंतु आदेश की बात करें तो ये समय और परिस्थितियों के अनुसार बदले भी जा सकते हैं लेकिन अधिनियम की अनदेखी कर नहीं सकते हैं।

    गया जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए ऑटो-ई रिक्शा स्टैंड है। जगह, क्षेत्रफल सब निर्धारित है लेकिन यहां इन सब चीजों से न तो वाणिज्य विभाग का “लेना देना” महत्व रखता है और न तो रेलवे सुरक्षा बल को ही मानो कुछ “लेना देना” रह गया है। बेतरतीब और जहां मन चाहे वहां ऑटो रिक्शा या ई रिक्शा लगा दें। कोई बोलने वाला मानो नहीं है।

    ताजी तस्वीर 15 मई 2026 की शाम की सामने आई। प्लेटफॉर्म नंबर एक के सामने यात्रियों को आने जाने के लिए सड़क बनाई गई है। बीच में एक डिवाइडर भी है। यह स्थान नो पार्किंग जोन घोषित है। परंतु यहां एक लाइन से कई ई रिक्शा और ऑटो देखने को मिले। यात्रियों को इस अतिक्रमण के कारण पैदल चलने में परेशानी हो रही थी। जिसे देखने वाला कोई नजर नहीं आए।

    हालांकि कुछ समय पहले मगध लाइव ने इसी अतिक्रमण को लेकर जब एक वीडियो शेयर किया तो अगले दिन आरपीएफ द्वारा 22 ई रिक्शा और ऑटो नो पार्किंग स्थल से जब्त किए गए। कार्रवाई हुई। रेल को इस गलती करने वाले लोगों से जुर्माने के रूप में राशि भी आई। परंतु कुछ ही दिनों बाद ये बात आई गई सी हो गई।

    बड़ा सवाल है कि जब मीडिया इस अतिक्रमण को दिखाए या यात्रियों की परेशानियों से रेल प्रशासन को अवगत कराएगी तब जाकर आरपीएफ द्वारा कार्रवाई की जाएगी? क्या उनकी ड्यूटी नहीं है कि इस अतिक्रमण को स्थायी तौर पर हटवा दे। यदि ऐसा संभव नहीं हो पा रहा है तो कहीं न कहीं या तो कुछ “अंदर” की बात है या फिर स्थानीय प्रशासन कमजोर है।

    ऐसे अतिक्रमण स्टेशन परिसर में कई जगहों पर देखने को मिल जाएंगे। यहां तक आरपीएफ पोस्ट के पास प्लेटफॉर्म नंबर 1/सी के पास ऑटो या ई रिक्शा लगे हुए दिखाई देंगे। और तो और यहां के अलावा बाहरी हिस्से में टिकट बुकिंग कार्यालय के ठीक सामने कई वाहन लगे हुए देखने को मिल जाएंगे। दोनों जगहों से स्टैंड का शुल्क भी वसूला जा रहा है। ये अलग बात है कि डीडीयू या पूर्व मध्य रेल के अधिकारियों के गया आगमन पर दिखाई नहीं दें।