आगरा कैंट विवाद के बाद बड़ी कार्रवाई: आरपीएफ के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त का तबादला, रेलवे बोर्ड ने जारी किया आदेश

Deobarat Mandal

देवब्रत मंडल


आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर स्टेशन उपाधीक्षक (डिप्टी एसएस) के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मुख्यालय ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। रेलवे बोर्ड के महानिदेशक (आरपीएफ) के निर्देश पर उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) आगरा के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (Sr. DSC) पी. राजमोहन का तबादला कर दिया गया है।
रेलवे बोर्ड के 16 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार, पी. राजमोहन को प्रशासनिक आधार पर उत्तर पूर्व रेलवे (एनईआर) में उप मुख्य सुरक्षा आयुक्त (Dy. CSC) के पद पर स्थानांतरित किया गया है। आदेश में उन्हें तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है तथा कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से रेलवे बोर्ड को शीघ्र अवगत कराने को कहा गया है।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब आगरा कैंट स्टेशन पर स्टेशन उपाधीक्षक के साथ हुई कथित अभद्रता और अमानवीय व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों में भी नाराजगी देखी गई। कई स्थानों पर विरोध सभाएं आयोजित की गईं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठी।
हालांकि, रेलवे बोर्ड के तबादला आदेश में वायरल वीडियो या घटना का प्रत्यक्ष उल्लेख नहीं किया गया है। आदेश में स्थानांतरण का कारण “प्रशासनिक आधार (Administrative Ground)” बताया गया है। इसके बावजूद इस कार्रवाई को आगरा कैंट प्रकरण के बाद उठाए गए महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
रेलवे कर्मचारियों के बीच अब इस बात की चर्चा है कि घटना से जुड़े अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी समीक्षा की जा सकती है। वहीं, रेलवे प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *